UK07 Rider Accident : देहरादून (Dehradun) के लोकप्रिय यूट्यूबर अनुराग डोभाल (Anurag Dobhal), जिन्हें सोशल मीडिया पर UK07 Rider के नाम से जाना जाता है, शनिवार को एक गंभीर सड़क हादसे का शिकार हो गए। यह दुर्घटना उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद (Ghaziabad) जिले में डासना के पास मेरठ एक्सप्रेसवे पर हुई।
हादसे के समय अनुराग अपनी फॉर्च्यूनर (Fortuner) कार में सवार थे और इंस्टाग्राम पर लाइव वीडियो के जरिए अपने प्रशंसकों से जुड़े हुए थे। प्रत्यक्षदर्शियों और वायरल वीडियो के अनुसार, कार की गति 150 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक थी, जिसके बाद वाहन अनियंत्रित होकर सीधे डिवाइडर से जा टकराया।
इंस्टाग्राम लाइव के दौरान हुई घटना
हादसे से ठीक पहले अनुराग डोभाल (Anurag Dobhal) इंस्टाग्राम पर काफी भावुक नजर आ रहे थे। लाइव स्ट्रीमिंग के दौरान उन्होंने कहा कि “मम्मी अगले जन्म आऊं तो प्यार दे देना बस, बहुत जरूरत थी प्यार की।” उन्होंने आगे “लेट्स गो फॉर द फाइनल ड्राइव” कहते हुए गाड़ी की रफ्तार अचानक बढ़ा दी।
हजारों फॉलोअर्स इस घटना को लाइव देख रहे थे, तभी अचानक तेज आवाज के साथ कैमरा हिल गया और गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई। स्थानीय ग्रामीणों और पुलिस की मदद से उन्हें क्षतिग्रस्त वाहन से बाहर निकाला गया।
अस्पताल में इलाज और पुलिस की कार्रवाई

दुर्घटना के तुरंत बाद घायल अनुराग को मेरठ (Meerut) के सुभारती अस्पताल (Subharti Hospital) ले जाया गया। इंस्पेक्टर परतापुर के अनुसार, गाड़ी में सवार व्यक्ति को सामान्य चोटें आई हैं और फिलहाल उनका उपचार जारी है। पुलिस इस बात की गहनता से पड़ताल कर रही है कि क्या यह महज तेज रफ्तार के कारण हुआ हादसा था या इसके पीछे कोई अन्य मंशा थी। मौके पर मौजूद फॉर्च्यूनर कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है।
मानसिक तनाव और पारिवारिक विवाद की पृष्ठभूमि
अनुराग डोभाल (Anurag Dobhal) ने हाल ही में 4 मार्च को अपने YouTube चैनल पर एक विस्तृत वीडियो साझा किया था। इस दो घंटे लंबे वीडियो में उन्होंने अपने निजी जीवन, शादी से जुड़े विवाद, आर्थिक संकट और परिवार के साथ चल रही अनबन का जिक्र किया था। उन्होंने वीडियो में कुछ कॉल रिकॉर्डिंग भी साझा की थीं, जिससे उनके मानसिक तनाव में होने की पुष्टि होती है।
अनुराग ने सार्वजनिक रूप से स्वीकार किया था कि वह पिछले कुछ वर्षों से कठिन परिस्थितियों से गुजर रहे हैं, जिसके कारण उनके मानसिक स्वास्थ्य पर गहरा असर पड़ा है।












