उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में एक महिला ने घरेलू कलह के बीच क्रूरता की सारी हदें पार करते हुए अपने ही पति के गुप्तांग की नस काट दी और घर में रखी पूरी संपत्ति बटोर कर फरार हो गई। इस दिल दहला देने वाली (Bareilly Viral Crime) के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और घायल युवक अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है।
जानकारी के मुताबिक, यह खौफनाक मामला बरेली के एक ग्रामीण इलाके का है जहां ढाई साल पहले युवक का विवाह क्षेत्र की ही एक युवती से हुआ था। शुरुआती कुछ महीने शांति से बीते लेकिन जल्द ही दोनों के बीच तकरार शुरू हो गई।
विवाद इतना बढ़ा कि पत्नी के दबाव में आकर युवक अपने माता-पिता और परिवार को छोड़कर अलग रहने लगा था। वारदात वाली शाम दोनों के बीच किसी बात को लेकर तीखी बहस हुई थी।

आरोप है कि इसके बाद सोची-समझी साजिश के तहत पत्नी ने रात के खाने में कोई नशीला पदार्थ मिला दिया। खाना खाते ही पति अचेत हो गया जिसके बाद महिला ने ब्लेड से उसके गुप्तांग की नस काट दी।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी महिला ने घर के संदूक और अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवर और नकदी समेटी और लहूलुहान पति को उसी हालत में छोड़कर भाग निकली।
जब काफी देर तक घर में कोई हलचल नहीं हुई और परिजनों ने अंदर जाकर देखा, तो युवक खून से लथपथ हालत में बिस्तर पर पड़ा मिला। परिजनों ने आनन-फानन में पुलिस को सूचना दी और घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
अस्पताल में होश आने पर पीड़ित पति ने अपनी पत्नी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। युवक का कहना है कि उसकी पत्नी का किसी गैर मर्द के साथ अवैध संबंध चल रहा था और वह रात-रात भर फोन पर बातें करती थी। विरोध करने पर वह अक्सर झगड़ा करती थी।
पीड़ित का दावा है कि उसकी पत्नी अपने प्रेमी के साथ ही फरार हुई है। थाना प्रभारी सुरेश चंद्र गौतम ने मामले की गंभीरता को देखते हुए बताया कि युवक की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस की कई टीमें महिला की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस मोबाइल सर्विलांस के जरिए आरोपी महिला और उसके संदिग्ध प्रेमी की लोकेशन ट्रेस करने की कोशिश कर रही है।










