Potato Rings Recipe : शाम की चाय के साथ अगर कुछ गरमा-गरम और कुरकुरा मिल जाए, तो दिनभर की थकान दूर हो जाती है। रोज़-रोज़ वही समोसे या पकोड़े खाकर बोर हो चुके हैं, तो इस बार कुछ नया ट्राई कर सकते हैं।
आलू और सूजी से बनने वाले ‘पोटैटो रिंग्स’ एक ऐसा स्नैक है, जो देखने में जितना यूनिक लगता है, खाने में उतना ही स्वादिष्ट होता है।
बच्चों की छोटी-मोटी भूख हो या घर आए मेहमानों के लिए झटपट नाश्ता तैयार करना हो, यह रेसिपी हर मौके पर एकदम फिट बैठती है।
जरूरी सामग्री
स्वादिष्ट पोटैटो रिंग्स बनाने के लिए आपको बहुत ज्यादा सामान की ज़रूरत नहीं पड़ेगी। अपने किचन में मौजूद इन चीज़ों को इकट्ठा कर लें:
- भुनी हुई सूजी: 1 कप
- दही: 1 कप
- उबले हुए आलू: 2 (अच्छी तरह मैश किए हुए)
- मक्के का आटा (कॉर्नफ्लोर): 2 बड़े चम्मच
- अदरक का पेस्ट: 1 छोटा चम्मच
- लहसुन का पेस्ट: 1 छोटा चम्मच
- चिल्ली फ्लेक्स: 1 छोटा चम्मच
- चाट मसाला: 1 छोटा चम्मच
- हरा धनिया: 2 बड़े चम्मच (बारीक कटा हुआ)
- तेल: तलने के लिए
- नमक: स्वादानुसार
बनाने की आसान विधि
सबसे पहले एक बड़े बर्तन में दही और भुनी हुई सूजी को एक साथ डालकर अच्छी तरह फेंट लें, ताकि दोनों आपस में मिल जाएं।
अब इस मिश्रण में अदरक-लहसुन का पेस्ट, चिल्ली फ्लेक्स, चाट मसाला, हरा धनिया और स्वादानुसार नमक डालें।
इसके बाद मैश किए हुए उबले आलू और मक्के का आटा (कॉर्नफ्लोर) मिलाएं। कॉर्नफ्लोर डालने से रिंग्स में बहुत बढ़िया क्रंच आता है।
सभी चीज़ों को हाथों से अच्छी तरह मिलाते हुए एक नरम डो की तरह तैयार कर लें। अगर मिश्रण ज़्यादा चिपचिपा लगे, तो हाथों पर हल्का सा तेल लगा सकते हैं।
तैयार डो की बड़ी लोई बनाएं और बेलन की मदद से थोड़ा मोटा बेल लें।
अब किसी गोल ढक्कन या कुकी कटर से पहले बड़ा सर्कल काटें, फिर उसके अंदर किसी छोटे ढक्कन से काट कर रिंग की शेप निकाल लें।
एक कढ़ाई में तेल गरम करें। तेल मध्यम गरम होने पर इसमें धीरे-धीरे तैयार पोटैटो रिंग्स डालते जाएं।
इन्हें मध्यम आंच पर तब तक तलें जब तक कि ये दोनों तरफ से सुनहरे और करकरे न हो जाएं।
सर्व करने का तरीका
तले हुए पोटैटो रिंग्स को नेपकिन पेपर पर निकालें ताकि अतिरिक्त तेल निकल जाए। इन्हें हरी तीखी चटनी या टोमैटो केचप के साथ गरमा-गरम सर्व करें।
ऊपर से हल्का सा चाट मसाला छिड़कने पर इसका स्वाद और बढ़ जाता है।











