दून हॉराइज़न, मुंबई (1 अक्टूबर) : बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन (Amitabh Bachchan injury news) एक बार फिर सेट पर हादसे का शिकार हो गए हैं। शूटिंग के दौरान अचानक पैर फिसलने से उनके घुटने में चोट लग गई।
दर्द के चलते उन्हें खड़े होने में खासी तकलीफ झेलनी पड़ रही है। इस चोट का खुलासा खुद बिग बी ने कैमरे के सामने किया। आमतौर पर वह अपना मोनोलॉग (Monologue) बीच में खड़े होकर बोलते हैं, मगर इस बार उन्हें बैठकर अपनी बात रखनी पड़ी। उन्होंने दर्शकों से मुखातिब होते हुए साफ किया कि कल शूटिंग के दौरान वह फिसलकर गिर पड़े थे, जिसके चलते घुटने में यह मोच और दर्द आया है।
सेट पर मौजूद दर्शकों के चेहरों पर फिक्र साफ दिखी। लेकिन अभिनेता ने फौरन माहौल को संभालते हुए भरोसा दिलाया कि चोट जानलेवा या गंभीर नहीं है। उन्होंने कहा कि डॉक्टर और फिजियो की सलाह को ध्यान में रखते हुए वह सिर्फ तभी खड़े होंगे जब बेहद जरूरी होगा, ताकि घुटने पर अनावश्यक दबाव न पड़े।
दर्द के बीच जारी रखा काम का सिलसिला
उम्र के 83वें पड़ाव पर भी अमिताभ बच्चन का वर्क कमिटमेंट हमेशा की तरह अडिग नजर आया। दर्द के बावजूद उन्होंने काम रोकने के बजाय बैठने के विकल्प को चुना। वैसे यह पहला मौका नहीं है जब बिग बी को सेट पर चोट का सामना करना पड़ा हो—मार्च 2023 में हैदराबाद में फिल्म ‘प्रोजेक्ट के’ (कल्कि 2898 एडी) के एक्शन सीन के दौरान उनकी दाहिनी पसली की कार्टिलेज टूट गई थी। उस वक्त भी उन्होंने उबरते ही जल्द से जल्द सेट पर वापसी की थी।
ब्लॉग पर जीवन और ‘सर्वाइवल’ को लेकर साझा किए गहरे विचार
हादसे के बाद बिग बी ने अपने नियमित ब्लॉग (Big B Blog) पर एक भावनात्मक नोट भी दर्ज किया। उन्होंने लिखा कि इंसान अक्सर सोचता है कि यह सब कहां ले जाएगा और हम आने वाली पीढ़ी के लिए क्या छोड़कर जा रहे हैं।
उनके शब्दों में, यह कोई चिंता या परेशानी नहीं, बल्कि उन अजूबों के प्रति एक कौतूहल है जो आने वाली नस्ल का इंतजार कर रहे हैं। उन्होंने रेखांकित किया कि सबसे बड़ी चुनौती यह देखना होगी कि युवा पीढ़ी अपने इर्द-गिर्द की दुनिया को कैसे महसूस करेगी और किस तरह खुद को इन परिस्थितियों में ‘सर्वाइव’ कराएगी। फिलहाल डॉक्टर उनकी रिकवरी पर नजर रखे हुए हैं।




