Immunity Foods For Kids : मौसम बदलते ही छोटे बच्चों में सर्दी, जुकाम और इंफेक्शन की समस्या आम हो जाती है। ऐसे में हर माता-पिता की चिंता होती है कि बच्चे की सेहत को अंदर से मजबूत कैसे बनाया जाए।
बच्चों का शरीर और उनकी रोग प्रतिरोधक क्षमता उम्र के साथ विकसित होती है। इसके लिए किसी एक ‘चमत्कारी’ फूड की नहीं, बल्कि सही पोषण, अच्छी नींद और सही आदतों की जरूरत होती है।
थाली में शामिल करें ये जरूरी पोषक तत्व
मौसमी और ताजे फल: संतरा, अमरूद, पपीता और कीवी जैसे फलों में विटामिन C प्रचुर मात्रा में होता है। यह बच्चों की सेल्स को मजबूत बनाने और इंफेक्शन से लड़ने में मदद करता है।
प्रोबायोटिक दही: पेट की सेहत बेहतर तो इम्यूनिटी अपने आप मजबूत होती है। दही में मौजूद अच्छे बैक्टीरिया आंतों को दुरुस्त रखते हैं और पाचन सुधारते हैं।
प्रोटीन से भरपूर आहार: दालें, राजमा, अंडा और पनीर शरीर की नई कोशिकाएं बनाने में मदद करते हैं। बच्चों के दैनिक विकास के लिए यह बहुत जरूरी है।
हरी सब्जियां और ड्राई फ्रूट्स: पालक, मेथी, बादाम और अखरोट में जिंक, आयरन और विटामिन E होता है। छोटे बच्चों को मेथी या ड्राई फ्रूट्स हमेशा पीसकर ही दें।
हल्दी और अदरक: रोज के खाने में चुटकी भर हल्दी और अदरक का सही इस्तेमाल शरीर को अंदर से गर्माहट और मजबूती देता है।
खान-पान के साथ ये आदतें भी हैं जरूरी
सिर्फ अच्छा खाना ही काफी नहीं है। बच्चों को बचपन से ही हाथ धोने की आदत डालें। इसके अलावा, रोजाना 8-10 घंटे की नींद, बाहर खेलना और पर्याप्त पानी पीना भी इम्यूनिटी को बढ़ाने में बराबर का योगदान देता है।
पैकेट बंद जंक फूड, कोल्ड ड्रिंक्स और ज्यादा मीठी चीजों से दूरी बनाना भी उतना ही जरूरी है, क्योंकि ये चीजें शरीर की प्राकृतिक क्षमता को कमजोर करती हैं।
क्या इम्युनिटी बूस्टर या सप्लीमेंट्स देना सही है?

अक्सर माता-पिता बाजार में मिलने वाले तरह-तरह के सप्लीमेंट्स या सिरप देने लगते हैं।
बिना डॉक्टर की सलाह के बच्चों को कोई भी इम्युनिटी बूस्टर देने से बचना चाहिए। अगर बच्चे की डाइट संतुलित है, तो उसे अलग से सप्लीमेंट्स की जरूरत नहीं पड़ती।
डॉक्टर से कब परामर्श लें?
अगर आपका बच्चा बार-बार गंभीर इंफेक्शन की चपेट में आ रहा है, उसका वजन सही तरीके से नहीं बढ़ रहा, या वह हर समय सुस्त और कमजोर रहता है, तो खुद से दवा देने के बजाय तुरंत बाल रोग विशेषज्ञ (Pediatrician) से संपर्क करें।










