Coconut Cookies Recipe : शाम की गरमा-गरम चाय हो या अचानक घर आए मेहमान, साथ में अगर कुरकुरे बिस्कुट मिल जाएं तो बात बन जाती है।
बाजार के पैकेटबंद बिस्कुट में अक्सर प्रिजर्वेटिव्स और पाम ऑयल ज्यादा होता है, जो सेहत के लिहाज से ठीक नहीं माना जाता।
अगर आप अपने परिवार को कुछ शुद्ध और टेस्टी खिलाना चाहते हैं, तो घर पर नारियल के बिस्कुट बनाकर स्टोर कर सकते हैं। इसे बनाना बेहद आसान है और स्वाद में यह बाजार के बिस्कुट से कहीं ज्यादा लाजवाब लगते हैं।
जरूरी सामग्री
- मैदा: 1 कप
- कद्दूकस सूखा नारियल: आधा कप
- पिसी चीनी (बूरा): आधा कप
- देसी घी या बटर: आधा कप
- दूध: 2 से 3 चम्मच (जरूरत के अनुसार)
- बेकिंग पाउडर: आधा छोटा चम्मच
- इलायची पाउडर या वनीला एसेंस: आधा छोटा चम्मच
बिस्कुट का डो कैसे तैयार करें
सबसे पहले एक बड़े बर्तन में घी और पिसी हुई चीनी डालें। इसे चम्मच या व्हिस्कर की मदद से तब तक अच्छी तरह फेंटें, जब तक यह बिल्कुल हल्का, क्रीमी और सफेद न दिखने लगे।
अब इस क्रीम जैसे मिश्रण में इलायची पाउडर या वनीला एसेंस डालें। इसके बाद छलनी से छानकर मैदा और बेकिंग पाउडर मिलाएं।
आखिर में कद्दूकस किया हुआ सूखा नारियल डालें और सभी चीजों को हल्के हाथों से मिलाते हुए गूंथ लें।
ध्यान रखें कि आटे को रोटी की तरह ज्यादा दबाकर नहीं गूंथना है। अगर मिश्रण सूखा लगे, तो बस 2-3 चम्मच दूध डालकर उसे एक जगह समेट लें।
बेकिंग और शेप देने का तरीका
तैयार डो से नींबू के आकार की छोटी-छोटी लोइयां बनाएं। इन्हें हथेलियों के बीच रखकर हल्का सा दबाएं और गोल बिस्कुट का आकार दें।
आप चाहें तो ऊपर से थोड़ा सा सूखा नारियल भी चिपका सकते हैं।
बेकिंग ट्रे पर बटर पेपर लगाएं और थोड़ी-थोड़ी दूरी पर बिस्कुट रख दें।
ओवन को 180°C पर पहले से 10 मिनट के लिए प्रीहीट कर लें।
इसके बाद ट्रे को ओवन में रखें और 180°C पर लगभग 12 से 15 मिनट तक बेक होने दें, जब तक कि इनके किनारे हल्के सुनहरे न दिखने लगें।
परफेक्ट क्रंच के लिए जरूरी टिप
ओवन से निकालने के तुरंत बाद बिस्कुट थोड़े सॉफ्ट लगते हैं। इन्हें ट्रे से तुरंत उठाने के बजाय 10 से 15 मिनट के लिए जाली (कूलिंग रैक) पर ठंडा होने दें।
पूरी तरह ठंडे होने के बाद ये एकदम कुरकुरे हो जाएंगे।
अब इन्हें किसी एयरटाइट जार में भरकर रख लें और 15 से 20 दिनों तक आराम से चाय के साथ इनका आनंद लें।








