ताज़ा समाचार देश विदेश क्राइम बिज़नेस खेल मनोरंजन ऑटो गैजेट्स धर्म राशिफल आज का पंचांग
हेल्थ लाइफस्टाइल करियर ट्रेंडिंग

देहरादून पुलिस की दो टूक, दूसरों की जान से खिलवाड़ नहीं होगा बर्दाश्त

देहरादून के पॉश इलाके राजपुर रोड पर रईसजादों द्वारा बाइक रेस लगाने के चक्कर में एक बेगुनाह युवक की जान चली गई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले को साधारण एक्सीडेंट के बजाय गैर इरादतन हत्या (Dehradun Road Accident) में तब्दील करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। एसएसपी ने साफ किया है कि शहर की सड़कों पर हुड़दंग और दूसरों की जान से खिलवाड़ कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

दून की सड़कों पर मौत की रेस, रेपिडो सवार को कुचला - 4 रईसजादे गिरफ्तार।

HIGHLIGHTS

  • अकेता होटल के सामने बाइक रेस के दौरान हुआ दर्दनाक हादसा।
  • रैपिडो सवार अंकित पाल की मौत, चालक गंभीर रूप से घायल।
  • सीसीटीवी फुटेज में जानबूझकर टक्कर मारने का खुलासा।
  • पुलिस ने साधारण दुर्घटना की धारा को गैर इरादतन हत्या में बदला।

देहरादून। देहरादून के राजपुर रोड पर रईसजादों के शौक ने एक परिवार का चिराग बुझा दिया। देहरादून रोड एक्सीडेंट (Dehradun Road Accident) की यह घटना 27 फरवरी की रात अकेता होटल के सामने हुई, जहां दो बाइकों पर सवार चार युवक आपस में रेस लगा रहे थे।

इस दौरान उन्होंने आगे जा रहे रैपिडो वाहन (यूके-17 जेड-5912) को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में रैपिडो पर पीछे बैठे अंकित पाल पुत्र स्वर्गीय राजकुमार की इलाज के दौरान दून अस्पताल में मौत हो गई, जबकि चालक गंभीर रूप से घायल है।

सीसीटीवी से खुला राज 

शुरुआत में मामला सड़क दुर्घटना का लग रहा था, लेकिन जब डालनवाला पुलिस ने घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज खंगाले तो रोंगटे खड़े कर देने वाली सच्चाई सामने आई। फुटेज में दिखा कि एक बाइक सवार ने तेजी से रैपिडो को टक्कर मारी जिससे उस पर सवार दोनों लोग सड़क पर गिर पड़े। इसी बीच पीछे से आ रही दूसरी बाइक ने सड़क पर गिरे अंकित पाल के ऊपर जानबूझकर मोटरसाइकिल चढ़ा दी। इस साक्ष्य के आधार पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच तेज की।

एक्शन मोड में पुलिस 

एसएसपी देहरादून की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत डालनवाला पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए अभियुक्तों की पहचान प्रांजल रमोला, अभिषेक बडोनी, लोकेंद्र उर्फ लोकेश (तीनों उत्तरकाशी निवासी) और सुमित राठौड़ी (देहरादून) के रूप में हुई है।

पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि वे सड़क पर एक-दूसरे से आगे निकलने की होड़ में बाइक की रफ्तार बढ़ा रहे थे और पीछे बैठे साथी उन्हें उकसा रहे थे।

हत्या की धारा में तरमीम, एसएसपी की सख्त चेतावनी

पुलिस ने इस मामले में पहले से दर्ज धारा 106(1) बीएनएस को हटाकर अब धारा 105 (गैर इरादतन हत्या) और धारा 61(2) बीएनएस जोड़ दी है। एसएसपी ने दो टूक कहा है कि शहर के व्यस्ततम मार्गों पर निर्धारित गति सीमा का उल्लंघन और स्टंटबाजी करने वालों के खिलाफ ऐसी ही कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने बताया कि व्यस्त सड़कों पर जानबूझकर तेज गति से वाहन चलाना अपराध की श्रेणी में आता है और इसमें किसी भी स्तर पर ढिलाई नहीं बरती जाएगी।

Harpreet Singh

हरप्रीत सिंह पिछले 10 वर्षों से 'दून हॉराइज़न' के साथ जुड़े हुए हैं. पत्रकारिता के क्षेत्र में एक दशक का अनुभव रखने वाले हरप्रीत की उत्तराखंड और अन्य राज्यों की खबरों पर गहरी पकड़ है. उन्होंने अपनी उच्च शिक्षा में उत्तराखंड तकनीकी विश्वविद्यालय से एमबीए (MBA) की डिग्री हासिल की है. इसके अलावा, उन्होंने भारतीय विद्या भवन, मुंबई से पब्लिक रिलेशंस (जनसंपर्क) में पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा भी पूरा किया है. अपने अनुभव और शिक्षा के माध्यम से वे पाठकों तक सटीक और विश्लेषणात्मक खबरें पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं.

Leave a Comment