ताज़ा समाचार देश विदेश क्राइम बिज़नेस खेल मनोरंजन ऑटो गैजेट्स धर्म राशिफल आज का पंचांग
हेल्थ लाइफस्टाइल करियर ट्रेंडिंग

देहरादून में महिला के अपहरण की कोशिश का खुलासा, मुख्य आरोपी युवती गिरफ्तार; 4 फरार

दून हॉराइज़न ब्यूरो,
Published by: Harpreet Singh Updated Sat, 26 Sep 2026 07:16 PM IST

देहरादून के सहस्रधारा रोड पर महिला के अपहरण के प्रयास मामले को रायपुर पुलिस ने सुलझा लिया है। भानियावाला डेयरी लेन-देन विवाद में 19 वर्षीय युवती गिरफ्तार, 4 अन्य की तलाश जारी।

Sahastradhara Road Abduction Attempt

मुख्य बातें

  • सहस्रधारा रोड पर 23 सितंबर सुबह महिला को जबरन स्विफ्ट कार में खींचने की कोशिश हुई थी।
  • रायपुर पुलिस और एसओजी देहात ने 19 वर्षीय मुख्य आरोपी चाहत उर्फ अन्नू को गिरफ्तार किया।
  • भानियावाला स्थित 11 गायों वाली डेयरी को 7.5 लाख में खरीदने का हुआ था सौदा।
  • आरोपियों ने कारगी चौक से अपनी निजी स्कूटी गिरवी रखकर किराए पर ली थी स्विफ्ट कार।
  • हरिद्वार और टिहरी के रहने वाले 4 अन्य नामजद फरार आरोपियों पर पुलिस की दबिश जारी।

दून हॉराइज़न, देहरादून (26 सितंबर) : पॉश सहस्रधारा रोड पर सुबह की सैर और दैनिक कामकाज के बीच हुए सनसनीखेज वारदात की गुत्थी को दून पुलिस ने सुलझा लिया है। नालापानी चौक के पास कार सवार बदमाशों द्वारा एक महिला को जबरन गाड़ी में खींचने के मामले में पुलिस ने 19 वर्षीय युवती को गिरफ्तार किया है। पूरा मामला आपराधिक रंजिश से ज्यादा डेयरी कारोबार में लाखों रुपये के लेन-देन और धोखाधड़ी की खुन्नस से जुड़ा निकला।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP Dehradun) के निर्देश पर गठित रायपुर थाना पुलिस और एसओजी देहात (SOG Dehat) की संयुक्त टीम ने तीन दिन के भीतर पूरे षड्यंत्र से पर्दा उठा दिया।

150 लीटर दूध का झांसा और 5 लाख रुपये नकद

जांच में सामने आया कि कानन कुंज निवासी वादिनी सुषमा वर्मा ने अठूरवाला (भानियावाला) स्थित 11 गायों की डेयरी चलाने का सौदा करीब 7.50 लाख रुपये में तय किया था। गोविंद विहार, डांडा लखौंड निवासी 19 वर्षीय चाहत उर्फ अन्नू और उसके 2 साल पुराने परिचित दीपक पासवान ने यह सौदा किया था। उन्होंने 5 लाख रुपये कैश और 2.50 लाख रुपये का चेक सौंपा। दावा यह था कि गायें हर दिन 150 लीटर दूध देती हैं।

हकीकत उलट निकली। दूध का उत्पादन बेहद कम हुआ। जब अन्नू और दीपक ने अपने 5 लाख रुपये वापस मांगे तो वादिनी ने पैसे लौटाने के बजाय काम जारी रखने को कहा।

ब्याज का दबाव, इलाज का संकट और साजिशन किराए की कार

अन्नू की तबीयत बिगड़ने पर उसे ग्राफिक एरा अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां पैसों की भारी तंगी खड़ी हो गई। डेयरी की जमीन की मालिक पुष्पा नेगी के पास दूध बिक्री का बकाया 1.22 लाख रुपये था, लेकिन उन्होंने रकम केवल सुषमा को देने की बात कही। आरोप है कि सुषमा ने केवल 10 हजार रुपये थमाए और बाकी पैसे देने से साफ मुकर गई।

कर्जदाताओं के तगादों से घिरे दोनों ने सुषमा को डराने का ताना-बाना बुना। इसके लिए कारगी चौक से अपनी स्कूटी बतौर सिक्योरिटी रखकर काले रंग की स्विफ्ट कार किराए पर ली गई। इसके बाद हरिद्वार के रोशनाबाद जाकर तीन अन्य साथियों—आदित्य, लक्की और प्रियांशु को शामिल किया गया।

शोर मचते ही भागे, 4 नामजद आरोपियों की तलाश में दबिशें

योजना के तहत 23 सितंबर को सुबह करीब 6.50 बजे दीपक, लक्की और आदित्य कार लेकर नालापानी पहुंचे। उन्होंने सुषमा को जबरन गाड़ी में खींचने की कोशिश की। महिला ने बहादुरी दिखाते हुए शोर मचा दिया। आसपास मॉर्निंग वॉक और आवाजाही कर रहे स्थानीय लोगों को अपनी ओर आते देख आरोपी बदहवास होकर भाग निकले।

पुलिस ने क्षेत्र के दर्जनों सीसीटीवी खंगाले, जिससे कार का रूट और नंबर ट्रेस हुआ। आखिरकार सहस्रधारा रोड से अन्नू को दबोच लिया गया। पुलिस के मुताबिक फरार आरोपियों में दीपक (ज्वालापुर, हरिद्वार), सुशांत उर्फ लक्की (देवप्रयाग, टिहरी), आदित्य वशिष्ठ (औरंगाबाद, हरिद्वार) और प्रियांशु (मंगलौर, हरिद्वार) शामिल हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए हरिद्वार और टिहरी में टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

Harpreet Singh

हरप्रीत सिंह पिछले 10 वर्षों से 'दून हॉराइज़न' के साथ जुड़े हुए हैं. पत्रकारिता के क्षेत्र में एक दशक का अनुभव रखने वाले हरप्रीत की उत्तराखंड और अन्य राज्यों की खबरों पर गहरी पकड़ है. उन्होंने अपनी उच्च शिक्षा में उत्तराखंड तकनीकी विश्वविद्यालय से एमबीए (MBA) की डिग्री हासिल की है. इसके अलावा, उन्होंने भारतीय विद्या भवन, मुंबई से पब्लिक रिलेशंस (जनसंपर्क) में पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा भी पूरा किया है. अपने अनुभव और शिक्षा के माध्यम से वे पाठकों तक सटीक और विश्लेषणात्मक खबरें पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं.

Leave a Comment