देहरादून। देहरादून पुलिस द्वारा चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान (Dehradun Police Checking) के दौरान बल्लीवाला चौक पर उस वक्त हंगामा हो गया जब दो युवकों ने पुलिसकर्मियों को धमकाने की कोशिश की। एसएसपी देहरादून के निर्देशों पर आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए थाना वसंत विहार पुलिस टीम मुस्तैदी से वाहनों की जांच कर रही थी।
इसी बीच बिना हेलमेट के आ रहे दो युवकों को रोका गया, तो वे सहयोग करने के बजाय मोबाइल निकालकर वीडियो बनाने लगे और पुलिस पर झूठे आरोप मढ़ने की कोशिश करने लगे।
सरकारी कार्य में बाधा और भ्रामक प्रचार
पुलिस टीम जब नियमानुसार चालान की कार्यवाही कर रही थी, तभी युवक अनावश्यक रूप से वीडियो बनाकर भ्रामक और झूठे तथ्यों के साथ टिप्पणी करने लगे। उनका मुख्य उद्देश्य सोशल मीडिया के माध्यम से पुलिस पर अनैतिक दबाव बनाना और चेकिंग की कार्यवाही में व्यवधान उत्पन्न करना था। पुलिसकर्मियों द्वारा बार-बार मना किए जाने के बावजूद युवक विधिक आदेशों की अवहेलना करते रहे और रसूख दिखाते रहे।
पुलिस का कड़ा एक्शन
युवकों की इस उद्दंडता को देखते हुए पुलिस ने नरमी छोड़ सख्त रुख अख्तियार किया। पुलिस टीम ने तत्काल दोनों युवकों को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 172 के तहत हिरासत में ले लिया। इसके साथ ही मोटर वाहन अधिनियम के गंभीर उल्लंघन को देखते हुए उनके वाहन को मौके पर ही सीज कर दिया गया। पकड़े गए युवकों की पहचान फिरोज खान (निवासी कोटद्वार, पौड़ी) और अशरफ अहमद (निवासी चंदौसी, मुरादाबाद) के रूप में हुई है।
आमजन को पुलिस की नसीहत
वसंत विहार पुलिस ने इस मामले के जरिए स्पष्ट संदेश दिया है कि जनपद पुलिस जनता की सुरक्षा के लिए सड़कों पर है। आमजन से अपील की गई है कि वाहन चलाते समय यातायात नियमों का सख्ती से पालन करें और चेकिंग के दौरान पुलिस का सहयोग करें। किसी भी प्रकार की भ्रामक सामग्री फैलाकर पुलिस पर दबाव बनाने की कोशिश करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी ऐसी ही सख्त वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।













