जींद, 06 अप्रैल 2026 (दून हॉराइज़न)। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने आज जींद की ‘धन्यवाद एवं विकास रैली’ के मंच से न केवल 253 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का पिटारा खोला, बल्कि विरोधियों को उनके घर में ही ललकारा। मुख्यमंत्री ने साफ लफ्जों में कहा कि पिछली सरकारों ने जींद को हमेशा हाशिए पर रखा, लेकिन उनकी सरकार इस शहर को हरियाणा के ‘दिल’ की तरह विकसित कर रही है।
रैली की भीड़ को संबोधित करते हुए सीएम सैनी ने कांग्रेस पर दशकों तक जींद की उपेक्षा करने का गंभीर आरोप जड़ा। उन्होंने कहा कि वंशवादी राजनीति ने हमेशा आम जनता के हक को मारकर अपनों की तिजोरियां भरीं। इस दौरान उन्होंने सिंचाई, सड़क और स्वास्थ्य से जुड़ी 15 बड़ी परियोजनाओं की नींव रखी। खास बात यह है कि इसमें 112.14 करोड़ रुपये के तीन प्रोजेक्ट्स का उद्घाटन और 140.87 करोड़ रुपये के 12 नए कार्यों का शिलान्यास शामिल है।
मुख्यमंत्री ने मंच से घोषणा की कि जींद में जल्द ही एक नया इंडस्ट्रियल मॉडल टाउनशिप (IMT) स्थापित किया जाएगा। यह कदम स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के द्वार खोलेगा। इसके अलावा, शहर की ट्रैफिक समस्या को देखते हुए रानी तालाब के पास 60 करोड़ रुपये की लागत से एक भव्य ऑडिटोरियम और पार्किंग बनाने का रास्ता साफ हो गया है। मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार ने पिछले साढे़ 11 वर्षों में जींद के विकास पर 2,217.61 करोड़ रुपये खर्च किए हैं, जो पिछली सरकारों के मुकाबले कई गुना ज्यादा है।

विपक्ष के ‘भ्रम’ का जवाब देते हुए सीएम ने अपने संकल्प पत्र का रिपोर्ट कार्ड भी पेश किया। उन्होंने बताया कि चुनाव पूर्व किए गए 217 वादों में से 60 वादे महज डेढ़ साल में पूरे किए जा चुके हैं। बाकी 157 वादों पर काम युद्ध स्तर पर जारी है। खेती-किसानी के मुद्दे पर बोलते हुए सैनी ने दोहराया कि हरियाणा देश का इकलौता राज्य है जहां 24 फसलें एमएसपी (MSP) पर खरीदी जा रही हैं। उन्होंने सरकारी नौकरियों में ‘बिना पर्ची-बिना खर्ची’ के पारदर्शी सिस्टम को अपनी सरकार की सबसे बड़ी उपलब्धि बताया।
शहर के बुनियादी ढांचे को लेकर भी बड़ी घोषणाएं हुईं। पुराने बस स्टैंड की जमीन पर अब एक आधुनिक कम्युनिटी सेंटर और इंटीग्रेटेड सैनिक सदन बनेगा। साथ ही, मीट मार्केट को शहर से बाहर शिफ्ट करने के लिए 5 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती देने के लिए सिविल अस्पताल में नई मर्चुरी और कांडेला गांव में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण किया जाएगा।







