पंचकूला, 04 अप्रैल (दून हॉराइज़न)। पंजाबी सूफी संगीत के दिग्गज डॉ. सतिंदर सरताज आज शनिवार शाम को पंचकूला के दशहरा ग्राउंड में अपनी सुरीली आवाज से समां बांधेंगे। “हेरिटेज इंडिया टूर 2025-26” के इस बड़े आयोजन को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने अपनी सभी तैयारियां मुकम्मल कर ली हैं।
इस म्यूजिकल इवनिंग की भव्यता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि प्रशासन ने यहां लगभग 8 हजार संगीत प्रेमियों के जुटने का अनुमान लगाया है।
पंचकूला के एसडीएम चंद्रकांत कटारिया ने आयोजन की पुष्टि करते हुए बताया कि कार्यक्रम के लिए रात 10 बजे तक ही साउंड के इस्तेमाल की अनुमति दी गई है। यह समय सीमा सुप्रीम कोर्ट और स्थानीय नियमों के मद्देनजर तय की गई है।
दर्शकों की भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने ड्यूटी मजिस्ट्रेट की नियुक्ति कर दी है, जो कार्यक्रम के दौरान पूरी व्यवस्था पर नजर रखेंगे। शो की टिकटें ‘डिस्ट्रिक्ट बाय जोमैटो’ (District by Zomato) समेत अन्य डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर उपलब्ध करवाई गई हैं।
सुरक्षा के लिहाज से इस मेगा इवेंट को दो हिस्सों में बांटा गया है। कार्यक्रम स्थल के भीतर की कमान जहां एक निजी ग्रुप और ‘फिरदौस’ प्रोडक्शन के पास है, वहीं बाहरी सुरक्षा और सड़कों पर ट्रैफिक को सुचारू रखने के लिए 150 से अधिक पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। आयोजन स्थल पर कुल 8 एंट्री और एग्जिट गेट बनाए गए हैं, ताकि भीड़ को नियंत्रित किया जा सके और किसी भी आपात स्थिति में निकासी आसान हो।
ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर पुलिस ने विशेष प्लानिंग की है। फिलहाल किसी भी मुख्य मार्ग को पूरी तरह बंद नहीं किया गया है, लेकिन पुलिस ने चेतावनी दी है कि यदि किसी एक दिशा से वाहनों का दबाव बढ़ता है, तो अस्थाई रूप से कुछ समय के लिए ट्रैफिक को डायवर्ट या रोका जा सकता है। दूर-दराज से आने वाले प्रशंसकों के लिए आयोजन स्थल के पास पार्किंग की विशेष व्यवस्था की गई है।

‘फिरदौस’ प्रोडक्शन हाउस इस लाइव कॉन्सर्ट को एक विजुअल ट्रीट बनाने की तैयारी में है। मैदान में पीछे बैठने वाले दर्शकों की सुविधा के लिए जगह-जगह बड़ी एलईडी स्क्रीन लगाई गई हैं। इमर्सिव ग्राफिक्स और हाई-टेक साउंड सिस्टम के जरिए सतिंदर सरताज के सूफी कलाम को हर कोने तक पहुंचाने का प्रबंध किया गया है। निजी सुरक्षाकर्मी हर गेट पर तैनात रहेंगे और बिना चेकिंग के किसी को भी प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।









