Insulin Resistance Skin Signs : हम चेहरे की देखभाल तो नियमित रूप से करते हैं, लेकिन हाथ-पैरों के जोड़ों पर अक्सर ध्यान नहीं जाता। कई बार उंगलियों के पोर (नकल्स), कोहनी और घुटनों की त्वचा बाकी शरीर की तुलना में ज्यादा गहरी दिखने लगती है।
इसे सिर्फ धूल-मिट्टी मानकर छोड़ देना सही नहीं है, क्योंकि यह शरीर के अंदरूनी संकेतों से भी जुड़ा हो सकता है।
त्वचा मोटी होना और घर्षण की वजह
कोहनी, घुटनों और उंगलियों के जोड़ों की स्किन बाकी हिस्सों से थोड़ी मोटी होती है। जब इन जगहों पर बार-बार दबाव या रगड़ पड़ती है—जैसे कोहनी टिकाकर बैठना या घुटनों के बल झुकना—तो वहां की सुरक्षा के लिए केराटिन प्रोटीन और मेलेनिन का स्तर बढ़ने लगता है।
मेलेनिन बढ़ने से वह हिस्सा धीरे-धीरे गहरा और सख्त दिखने लगता है।
शरीर में पोषण और हार्मोन से जुड़े कारण
अगर साफ-सफाई और मॉइस्चराइजर लगाने के बाद भी कालापन कम न हो, तो इसके पीछे अंदरूनी कारण हो सकते हैं:
विटामिन B12 की कमी: शरीर में विटामिन B12 कम होने पर उंगलियों के जोड़ों पर पिगमेंटेशन बढ़ जाती है।
इंसुलिन रेजिस्टेंस: जब शरीर इंसुलिन का सही इस्तेमाल नहीं कर पाता, तो गर्दन और जोड़ों की त्वचा गहरी और मखमली दिखने लगती है।
थायरॉइड और अन्य समस्याएं: थायरॉइड असंतुलन भी स्किन के रूखेपन और रंगत में बदलाव ला सकता है।
रंगत सुधारने के लिए आसान घरेलू उपाय
अगर कोई गंभीर मेडिकल समस्या नहीं है, तो किचन में मौजूद चीजों से त्वचा की रंगत को साफ और मुलायम बनाया जा सकता है।
दही और हल्दी: दो चम्मच ताजे दही में एक चुटकी हल्दी मिलाएं। इसे प्रभावित हिस्से पर लगाकर 10-15 मिनट रखें और फिर हल्के गुनगुने पानी से धो लें। दही का लैक्टिक एसिड डेड स्किन साफ करने में मदद करता है।
आलू का रस या नींबू: आलू के रस में प्राकृतिक क्लींजिंग गुण होते हैं। इसे 10 मिनट लगाकर धोने से त्वचा की रंगत एक जैसी होने लगती है। संवेदनशील त्वचा वाले नींबू का रस सीधे लगाने से बचें।
बादाम का तेल और मलाई: रात को सोने से पहले थोड़ी सी मलाई में बादाम तेल की 2-3 बूंदें मिलाकर मालिश करें। इसमें मौजूद विटामिन E रूखापन खत्म करता है।
बेसन और एलोवेरा जेल: एक चम्मच बेसन में ताजा एलोवेरा जेल मिलाकर पेस्ट बनाएं। हल्के हाथों से स्क्रब की तरह इस्तेमाल करें, इससे डेड स्किन आसानी से हट जाती है।
डॉक्टर को कब दिखाना चाहिए?
अगर कालापन अचानक तेजी से बढ़ रहा हो, साथ में बेवजह थकान, वजन में तेजी से बदलाव या जोड़ों में दर्द महसूस हो, तो सिर्फ घरेलू नुस्खों पर निर्भर न रहें।
एक बार डॉक्टर से मिलकर ब्लड टेस्ट जरूर कराएं ताकि सही कारण का पता चल सके।








