Nail Polish Hacks : हाथों की खूबसूरती में नाखूनों का बड़ा रोल होता है। मनपसंद रंग की नेल पॉलिश आपके पूरे लुक में निखार ला देती है।
लेकिन कई बार जल्दबाजी में या गलत तरीके से लगाने पर नेल पॉलिश स्किन पर फैल जाती है या कुछ ही घंटों में निकलने लगती है।
अगर आप चाहती हैं कि घर पर ही आपके नाखूनों को बिल्कुल सैलून जैसी शाइन और क्लीन फिनिश मिले, तो बस कुछ बुनियादी बातों का ध्यान रखना जरूरी है।
आइए जानते हैं नेल पॉलिश लगाने का सही और आसान तरीका।
1. नाखूनों की सफाई से करें शुरुआत
नेल पॉलिश लगाने से पहले नाखूनों पर लगी पुरानी पॉलिश, धूल या नेचुरल ऑयल साफ करना बेहद जरूरी है।
इसके लिए हाथों को धोकर सुखा लें और रुई की मदद से रिमूवर से नाखूनों को अच्छे से पोंछें। जब सतह साफ होती है, तो रंग बेहतर तरीके से टिकता है।
2. मनपसंद शेप दें
नाखूनों को अपनी पसंद के हिसाब से नेल कटर और फाइलर की मदद से शेप करें। ओवल, स्क्वायर या राउंड—जो भी शेप आपके हाथों पर अच्छी लगती हो, उसे फाइन ट्यून कर लें।
इससे नेल पॉलिश लगाने के बाद हाथ ज्यादा साफ और सलीकेदार दिखते हैं।
3. बेस कोट लगाना न भूलें
रंग लगाने से ठीक पहले एक ट्रांसपेरेंट बेस कोट की पतली लेयर लगाएं। यह आपके नाखूनों को पीला पड़ने से बचाता है और पॉलिश को एक स्मूथ बेस देता है। इसे लगाने के बाद लगभग 1 मिनट तक सूखने दें।
4. पतली लेयर में लगाएं नेल पॉलिश
अक्सर लोग एक ही बार में बहुत ज्यादा नेल पॉलिश ब्रश में ले लेते हैं, जिससे वह फैल जाती है। सही तरीका यह है कि पहली लेयर एकदम पतली लगाएं।
इसे 1 से 2 मिनट सूखने दें, फिर दूसरी लेयर लगाएं। इससे रंग में गहराई आती है और फिनिशिंग भी शानदार मिलती है।
5. टॉप कोट से दें फाइनल टच
जब नेल पॉलिश सूख जाए, तो सबसे ऊपर एक लेयर ट्रांसपेरेंट टॉप कोट की लगाएं। यह नेल पॉलिश को लॉक कर देता है, जिससे उसका रंग जल्दी नहीं छूटता और उसमें शीशे जैसी चमक बनी रहती है।
सुखाने का सही तरीका
टॉप कोट लगाने के बाद कम से कम 5 मिनट तक हाथों को ज्यादा न हिलाएं। किसी भी काम को करने की जल्दबाजी न करें ताकि रंग खराब न हो।
अगर आपके पास समय कम है, तो ठंडे पानी में 1-2 मिनट के लिए उंगलियों को डुबोकर रखने से भी नेल पॉलिश जल्दी सेट हो जाती है।







