लुधियाना। पंजाब स्कूल शिक्षा विभाग ने शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए पंजाब पांचवीं कक्षा परिणाम (Punjab Class 5th Result) की तैयारियों को लेकर सख्त दिशा-निर्देश जारी किए हैं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि ई-पंजाब पोर्टल पर छात्रों के वार्षिक मूल्यांकन के अंक अपलोड करने की अंतिम तिथि अब बढ़ाकर 20 मार्च 2026 कर दी गई है। सभी स्कूल प्रमुखों को हिदायत दी गई है कि वे निर्धारित समय सीमा के भीतर डेटा प्रविष्टि सुनिश्चित करें।
30 मार्च को होगी मेगा पीटीएम
शिक्षा विभाग के अनुसार 31 मार्च को सार्वजनिक अवकाश होने की वजह से परिणामों की घोषणा की तारीख में बदलाव किया गया है। अब स्कूल, ब्लॉक और जिला स्तर पर पांचवीं कक्षा का रिजल्ट 30 मार्च 2026 को जारी किया जाएगा। इसी दिन सभी स्कूलों में अभिभावक-अध्यापक बैठक (PTM) आयोजित होगी, जिसमें छात्रों की प्रगति रिपोर्ट माता-पिता के साथ साझा की जाएगी।
सरकारी और निजी स्कूलों के लिए अलग नियम
सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों को विभाग की ओर से दो भाषाओं में तैयार परिणाम कार्ड दिए जाएंगे। वहीं, निजी स्कूलों के छात्रों के लिए ऑनलाइन डिजिटल रिजल्ट कार्ड की व्यवस्था की गई है। विभाग ने स्कूलों को निर्देश दिए हैं कि बेहतर प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्रों को विशेष रूप से सम्मानित किया जाए ताकि उनका मनोबल बढ़े।
डेटा सुधार और दोबारा परीक्षा का मौका

पोर्टल पर डेटा अप्रूव करने से पहले स्कूल प्रमुखों को सावधानी बरतने को कहा गया है, क्योंकि एक बार फाइनल सबमिशन के बाद बदलाव संभव नहीं होगा। यदि कोई छात्र किसी कारणवश परीक्षा नहीं दे पाया है या ‘हेल्ड’ श्रेणी में है, तो उसे घबराने की जरूरत नहीं है। ऐसे विद्यार्थियों के लिए विभाग मई 2026 में दोबारा परीक्षा आयोजित करेगा। 30 मार्च से पोर्टल से डिजिटल ग्रेड कार्ड डाउनलोड किए जा सकेंगे।









