Sawan Special Ghevar Recipe : सावन का महीना आते ही हर घर में मीठे और रसीले घेवर की मांग बढ़ जाती है। हरियाली तीज से लेकर रक्षाबंधन तक इस पारंपरिक मिठाई का स्वाद हर किसी को पसंद आता है।
ज्यादातर लोग इसे बाजार से खरीदते हैं क्योंकि लगता है कि घर में वैसी जाली और कुरकुरापन लाना मुश्किल है। सही नाप और कुछ आसान ट्रिक्स के साथ आप इसे घर पर भी हलवाई जैसा बना सकते हैं।
जरूरी सामग्री

- मैदा: 1 कप
- देसी घी: 4 चम्मच
- दूध: 1/4 कप (ठंडा)
- ठंडा पानी: 2 से 3 कप (बर्फ वाला)
- बर्फ के टुकड़े: 4-5
- नींबू का रस: आधा चम्मच
- तलने के लिए: देसी घी या रिफाइंड तेल
- चीनी: 1 कप
- पानी: आधा कप
- इलायची पाउडर: आधा चम्मच
- केसर के धागे: 6-7
- गार्निशिंग के लिए: रबड़ी, कटे हुए बादाम और पिस्ता
परफेक्ट जालीदार बैटर तैयार करने का तरीका
एक चौड़ी परात या बड़े बर्तन में चार चम्मच देसी घी लें। इसमें बर्फ का टुकड़ा डालकर हाथ से अच्छी तरह फेंटें। थोड़ी ही देर में घी जमकर एकदम सफेद और मक्खन जैसा क्रीमी हो जाएगा।
जब घी क्रीमी बन जाए, तो बची हुई बर्फ बाहर निकाल दें। अब इसमें थोड़ा-थोड़ा मैदा डालें और घी के साथ हल्के हाथों से मिलाएं।
इसके बाद इसमें ठंडा दूध डालें और मिलाएं। फिर धीरे-धीरे बिल्कुल ठंडा पानी डालते हुए हाथ या व्हिस्क से चिकना घोल तैयार करें।
ध्यान रखें कि बैटर बिल्कुल पतला होना चाहिए और उसमें कोई गांठ न रहे। घोल को छलनी से छान लें।
अब इसमें आधा चम्मच नींबू का रस मिला दें। नींबू का रस तलते समय बैटर में जाली बनाने में मदद करता है।

बैटर को हमेशा ठंडा रखने के लिए बर्तन को बर्फ वाले ठंडे पानी के बाउल के ऊपर रखें।
घेवर तलने का सही प्रोसेस
एक गहरे और छोटे भगोने या पैन में आधा या उससे थोड़ा ज्यादा घी गर्म करें। घी अच्छा गर्म होना चाहिए।
जब घी से हल्की आंच आने लगे, तो एक चमचे में बैटर लेकर बिल्कुल बीच में पतली धार बनाकर थोड़ा-थोड़ा डालें।
जैसे ही बैटर घी में जाएगा, खूब सारे झाग उठेंगे। झाग के शांत होने पर फिर से एक चमचा बैटर डालें। यह प्रक्रिया 4 से 5 बार दोहराएं।
बीच में एक लकड़ी की पतली डंडी या बेलन की मदद से हल्का सा छेद बनाते रहें ताकि बीच में जगह बनी रहे और घेवर गोल आकार ले सके।
किनारों से हल्का सा छुड़ाते हुए इसे सुनहरा और क्रिस्पी होने तक मध्यम आंच पर सेक लें। फिर डंडी के सहारे आराम से बाहर निकालें और किसी जालीदार स्टैंड पर रखें ताकि एक्स्ट्रा घी निकल जाए।
चाशनी और रबड़ी से ऐसे सजाएं
एक पैन में चीनी और पानी मिलाकर मध्यम आंच पर एक तार की चाशनी तैयार कर लें। इसमें इलायची पाउडर और केसर मिलाएं।

तैयार घेवर पर चम्मच से चारों तरफ हल्की गर्म चाशनी डालें ताकि मिठास अंदर तक चली जाए।
स्वाद को दोगुना करने के लिए इसके ऊपर गाढ़ी मलाईदार रबड़ी फैलाएं और ऊपर से बारीक कटे बादाम-पिस्ता से सजाकर परोसें।







