Soyabean Chana Kebab Recipe : शाम की चाय हो या बच्चों के स्कूल से लौटने का समय, घर में अक्सर कुछ चटपटा खाने की फरमाइश होती है। बाहर का तला-भुना खाने से सेहत खराब होने का डर रहता है और रोज-रोज एक ही तरह का नाश्ता सभी को बोर कर देता है।
ऐसे में सोयाबीन और काबुली चने से बने कबाब एक बेहतरीन विकल्प बनकर सामने आते हैं। यह डिश सिर्फ स्वाद में ही लाजवाब नहीं है, बल्कि प्रोटीन का भी बहुत अच्छा सोर्स है।
इसे बनाने में तेल का इस्तेमाल न के बराबर होता है। बाहर से क्रिस्पी और अंदर से बेहद नरम ये कबाब बच्चों के टिफिन, बर्गर पैटी या शाम के स्नैक्स के लिए एकदम सही हैं। आइए जानते हैं इसे घर पर बनाने का सबसे आसान तरीका।
कबाब बनाने के लिए जरूरी सामग्री
- सोयाबीन बड़ी: 1 कप
- उबला हुआ काबुली चना: 1 कप
- उबले आलू: 2 (मीडियम साइज के)
- बारीक कटा प्याज: 1
- हरी मिर्च: 2 (बारीक कटी हुई)
- अदरक-लहसुन का पेस्ट: 1 छोटा चम्मच
- हरा धनिया: 2 बड़े चम्मच (बारीक कटा)
- ब्रेड क्रम्ब्स: 2 बड़े चम्मच
- तेल: कबाब सेंकने के लिए
- मसाले: लाल मिर्च पाउडर (1 चम्मच), धनिया पाउडर (1 चम्मच), गरम मसाला (आधा चम्मच), अमचूर पाउडर (आधा चम्मच) और स्वादानुसार नमक।
स्टेप-बाय-स्टेप रेसिपी
सबसे पहले सोयाबीन की बड़ी को हल्के गर्म पानी में करीब 10 मिनट के लिए भिगो दें। जब ये अच्छी तरह नरम हो जाएं, तो इनका पानी निचोड़ लें।
अब एक मिक्सर जार लें। इसमें भीगी हुई सोयाबीन और उबले हुए काबुली चने डालकर दरदरा पीस लें। ध्यान रहे कि इसका एकदम बारीक पेस्ट नहीं बनाना है।
इस दरदरे मिक्सचर को एक बड़े बर्तन में निकाल लें। इसमें उबले हुए आलू मैश करके डालें। साथ ही कटा हुआ प्याज, हरी मिर्च, अदरक-लहसुन का पेस्ट और हरा धनिया मिला दें।
अब इस मिश्रण में लाल मिर्च, धनिया पाउडर, गरम मसाला, अमचूर पाउडर और नमक डालकर हाथों से अच्छी तरह मिक्स करें।
अगर आपको लगे कि मिक्सचर थोड़ा गीला है और कबाब ठीक से नहीं बन रहे हैं, तो इसमें ब्रेड क्रम्ब्स मिला लें। इससे बाइंडिंग अच्छी होगी और कबाब क्रिस्पी बनेंगे।
कबाब कैसे सेंकें?
हाथों पर हल्का सा तेल लगाएं और तैयार मिश्रण से छोटे-छोटे कबाब या टिक्की का आकार बना लें। एक नॉन-स्टिक तवा या पैन गैस पर गर्म करें।
इसमें थोड़ा सा तेल डालें। कबाब को तवे पर रखें और मीडियम आंच पर दोनों तरफ से सुनहरा और क्रिस्पी होने तक सेंक लें।
आपके गरमागरम सोयाबीन चना कबाब तैयार हैं। इन्हें हरी चटनी, टोमेटो केचप और लच्छेदार प्याज के साथ सर्व करें।
अगर घर में बर्गर बन रखे हैं, तो आप इन कबाब का इस्तेमाल शानदार वेज बर्गर बनाने के लिए भी कर सकते हैं।









