Amit Shah Haridwar Visit 2026 : केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह (Amit Shah) 7 मार्च को हरिद्वार दौरे पर पहुंच रहे हैं। इस दौरे का मुख्य आकर्षण देश के तीन नए आपराधिक कानूनों पर आधारित एक विशेष प्रदर्शनी होगी।
हरिद्वार के बैरागी कैंप में 7 से 9 मार्च तक आयोजित होने वाली इस राज्यस्तरीय प्रदर्शनी में भारतीय न्याय संहिता (BNS), भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) और भारतीय साक्ष्य अधिनियम (BSA) की विशेषताओं को प्रमुखता से दिखाया जाएगा। इसका उद्देश्य युवाओं को नए कानूनी प्रावधानों के प्रति जागरूक करना है।
नए कानूनों की प्रमुख विशेषताएं और प्रावधान
सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी (Bansi Dhar Tiwari) के अनुसार, प्रदर्शनी में नए कानूनों के सरल और प्रभावी पहलुओं को प्रदर्शित किया जाएगा। इसमें समयबद्ध जांच, आरोप-पत्र की अनिवार्यता, Zero FIR और Electronic FIR की व्यवस्था शामिल है।
इसके अलावा, 7 साल से अधिक की सजा वाले अपराधों में Forensic जांच की अनिवार्यता और Digital साक्ष्यों की कानूनी वैधता पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। महिलाओं और बच्चों के विरुद्ध अपराधों के लिए कड़े प्रावधान और आतंकवाद व Cyber अपराध से जुड़े दंडों को भी स्पष्ट किया जाएगा।
धामी सरकार के 4 वर्ष की उपलब्धियों का प्रदर्शन

इस कार्यक्रम के माध्यम से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी (Pushkar Singh Dhami) सरकार के चार वर्ष के कार्यकाल की झलक भी प्रस्तुत की जाएगी। प्रदर्शनी में उत्तराखंड के बुनियादी ढांचे, सड़क संपर्क, स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और शिक्षा क्षेत्र में हुए सुधारों को दिखाया जाएगा। साथ ही, पर्यटन विकास, सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण और सीमांत क्षेत्रों के विकास के लिए राज्य सरकार द्वारा किए गए कार्यों का विवरण विभिन्न विभागों के स्टॉल्स के माध्यम से जनता के सामने रखा जाएगा।
भाजपा की संगठनात्मक तैयारियां और जनसभा
अमित शाह के इस दौरे को लेकर भाजपा ने व्यापक तैयारियां की हैं। पार्टी सूत्रों का दावा है कि जनसभा में 1.5 लाख से अधिक कार्यकर्ता शामिल होंगे। सरकारी मशीनरी और विभिन्न विभाग केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की सफलता को प्रदर्शित करने में जुटे हैं। कार्यक्रम के समापन पर अमित शाह एक विशाल जनसभा को भी संबोधित करेंगे, जिसमें आगामी विकास लक्ष्यों और कानूनी सुधारों पर चर्चा संभावित है।










