देहरादून। उत्तराखंड सरकार के ‘ड्रग्स फ्री देवभूमि’ अभियान के तहत दून पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ एक और बड़ी कामयाबी हासिल की है। कोतवाली कैंट पुलिस ने लीची बाग माल रोड क्षेत्र से एक महिला तस्कर को करीब ढाई किलो अवैध गांजे के साथ रंगे हाथों दबोचा है।
पकड़ी गई महिला की पहचान 25 वर्षीय सोनी साहनी के रूप में हुई है, जो वर्तमान में बिंदाल बस्ती में रह रही थी। पुलिस टीम जब क्षेत्र में रूटीन चेकिंग कर रही थी, तब संदिग्ध अवस्था में खड़ी सोनी ने पुलिस को देखते ही भागने का प्रयास किया, जिसे महिला पुलिसकर्मियों की मदद से घेराबंदी कर पकड़ा गया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। उसने बताया कि वह मूल रूप से दरभंगा, बिहार की रहने वाली है और पिछले 5 सालों से पति से अलग रहकर अपने बच्चों का पालन-पोषण कर रही है। उसने स्वीकार किया कि वह बिहार से कम दामों में गांजा लाकर देहरादून में नशे के आदी लोगों को ऊंचे दामों पर बेचती थी।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) के निर्देशों पर नशा मुक्त अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई है। पुलिस अब इस बात की तफ्तीश कर रही है कि बिहार से इस नशे की खेप को लाने में और कौन-कौन से लोग सोनी की मदद कर रहे थे और शहर में उसके मुख्य ग्राहक कौन थे।
गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में चौकी प्रभारी बिंदाल उप-निरीक्षक विनयता चौहान के साथ कांस्टेबल योगेश सैनी, मनोज शर्मा और महिला कांस्टेबल हेमा पाटनी शामिल रहीं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उसे जेल भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।








