home ताज़ा समाचार देश विदेश क्राइम मनोरंजन बिजनेस ऑटो गैजेट्स खेल हेल्थ लाइफस्टाइल धर्म राशिफल लव राशिफल अंक राशिफल पंचांग करियर ट्रेंडिंग वीडियो

खनन माफिया के आगे झुकी पुलिस? हाईकोर्ट ने दे डाला पूरे स्टाफ के तबादले का आदेश

उत्तराखंड हाईकोर्ट ने अवैध खनन रोकने गए वन अधिकारी पर एफआईआर दर्ज करने के मामले में विकासनगर कोतवाली के पूरे स्टाफ के तबादले और संबंधित अधिकारी को सस्पेंड करने का आदेश दिया है। वहीं, हरिद्वार एसएसपी ने भी अवैध खनन में संलिप्तता के चलते इकबालपुर चौकी के पूरे स्टाफ को निलंबित कर दिया है।

खनन माफिया के आगे झुकी पुलिस? हाईकोर्ट ने दे डाला पूरे स्टाफ के तबादले का आदेश

HIGHLIGHTS

  • हाईकोर्ट ने विकासनगर कोतवाली के पूरे स्टाफ को हटाने और केस दर्ज करने वाले अधिकारी के निलंबन का आदेश दिया।
  • एसडीओ राजीव नयन नौटियाल की गिरफ्तारी पर रोक लगाते हुए पुलिस महानिदेशक से रिपोर्ट मांगी गई है।
  • हरिद्वार के इकबालपुर चौकी प्रभारी समेत पूरी टीम को ऑडियो वायरल होने के बाद एसएसपी ने सस्पेंड किया।

नैनीताल। उत्तराखंड हाईकोर्ट ने अवैध खनन रोकने गए वन विभाग के एसडीओ (SDO) राजीव नयन नौटियाल के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने पर नाराजगी जताते हुए बेहद सख्त रुख अपनाया है। जस्टिस राकेश थपलियाल की एकल पीठ ने विकासनगर कोतवाली के पूरे स्टाफ को तत्काल प्रभाव से ट्रांसफर करने और एफआईआर दर्ज करने वाले अधिकारी को सस्पेंड करने का निर्देश दिया है।

कोर्ट ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए पूछा कि जब सरकारी अधिकारी अपना काम कर रहे हैं, तो पुलिस उन्हें सुरक्षा देने के बजाय उन पर ही केस कैसे दर्ज कर सकती है।

अदालत में सुनवाई के दौरान एक वीडियो भी पेश किया गया, जिसमें खनन माफिया के लोग वन अधिकारी के साथ दुर्व्यवहार और बदसलूकी करते साफ नजर आ रहे हैं। हाईकोर्ट ने हैरानी जताई कि रात 12:15 बजे एक खनन कारोबारी की शिकायत पर इतनी तत्परता से एफआईआर कैसे दर्ज हो गई। कोर्ट ने आदेश दिया कि एसडीओ को फिलहाल गिरफ्तार न किया जाए और एसएसपी देहरादून व डीजीपी इस आदेश का पालन सुनिश्चित करें।

इधर, हरिद्वार जिले में भी अवैध खनन को लेकर पुलिस महकमे में बड़ी सर्जिकल स्ट्राइक हुई है। एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल (इनपुट सुधार: नवनीत सिंह भुल्लर) ने झबरेड़ा की इकबालपुर चौकी के प्रभारी नवीन चौहान समेत पूरे स्टाफ को सस्पेंड कर दिया है। यह कार्रवाई एक ऑडियो क्लिप वायरल होने के बाद की गई है, जिसमें पुलिसकर्मियों की अवैध खनन में लेनदेन को लेकर बातचीत सामने आई थी।

एसएसपी ने प्राथमिक जांच के बाद हेड कांस्टेबल वीरेंद्र शर्मा और कांस्टेबल हरेंद्र, विपिन, देवेश व प्रदीप को निलंबित कर पूरे मामले की जांच एसपी देहात को सौंप दी है। पुलिस मुख्यालय ने स्पष्ट किया है कि वर्दी की छवि खराब करने वाले किसी भी कर्मचारी को बख्शा नहीं जाएगा। विकासनगर और हरिद्वार की इन दोनों घटनाओं ने राज्य में खनन माफिया और पुलिस के गठजोड़ पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Harpreet Singh

हरप्रीत सिंह पिछले 10 वर्षों से 'दून हॉराइज़न' के साथ जुड़े हुए हैं. पत्रकारिता के क्षेत्र में एक दशक का अनुभव रखने वाले हरप्रीत की उत्तराखंड और अन्य राज्यों की खबरों पर गहरी पकड़ है. उन्होंने अपनी उच्च शिक्षा में उत्तराखंड तकनीकी विश्वविद्यालय से एमबीए (MBA) की डिग्री हासिल की है. इसके अलावा, उन्होंने भारतीय विद्या भवन, मुंबई से पब्लिक रिलेशंस (जनसंपर्क) में पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा भी पूरा किया है. अपने अनुभव और शिक्षा के माध्यम से वे पाठकों तक सटीक और विश्लेषणात्मक खबरें पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं.

Leave a Comment