Uttarakhand Budget 2026 : उत्तराखंड की ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण में कल, 9 मार्च से विधानसभा का बजट सत्र शुरू होने जा रहा है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट (Mahendra Bhatt) ने इस सत्र के लिए सभी विधायकों को शुभकामनाएं दी हैं।
भट्ट ने कहा कि हालिया आर्थिक सर्वेक्षण के सकारात्मक आंकड़ों के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी (Pushkar Singh Dhami) के नेतृत्व वाली सरकार एक विकासोन्मुख बजट पेश करेगी। यह वर्तमान भाजपा सरकार के कार्यकाल का अंतिम बजट होगा, जिसे राज्य को विकसित बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण दस्तावेज माना जा रहा है।
आर्थिक सर्वेक्षण के आंकड़ों पर टिकी उम्मीदें
महेंद्र भट्ट ने बताया कि उत्तराखंड पिछले चार वर्षों में जनसहयोग से विकसित राज्यों की श्रेणी में शामिल हुआ है। ताजा आर्थिक सर्वेक्षण के अनुसार, प्रति व्यक्ति आय, सकल घरेलू उत्पाद (GDP), और रोजगार सृजन जैसे मानकों पर राज्य का प्रदर्शन बेहतर रहा है। सतत विकास सूचकांक और निर्यात अनुकूल व्यवस्था में भी उत्तराखंड शीर्ष राज्यों में स्थान बनाने में सफल रहा है। केंद्र सरकार के सहयोग से इंफ्रास्ट्रक्चर, स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में भी बड़े बदलाव दर्ज किए गए हैं।
विपक्ष से सकारात्मक चर्चा की अपील
बजट सत्र से पहले भाजपा ने कांग्रेस (Congress) और अन्य विपक्षी दलों के विधायकों से सदन में सजग और संवेदनशील भूमिका निभाने का आग्रह किया है। महेंद्र भट्ट ने कहा कि सदन जनमुद्दों और समस्याओं को उठाने का एक सुनहरा अवसर है। उन्होंने विपक्ष से मतभेदों को भुलाकर बजट पर आवश्यक सुझाव देने और चर्चा को सार्थक बनाने की अपील की है। सरकार का लक्ष्य बजट के माध्यम से आम जनमानस के जीवन को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए बड़े निर्णय लेना है।

विकास और कल्याणकारी योजनाओं पर फोकस
प्रस्तावित बजट को जन आकांक्षाओं का पूरक बताते हुए भाजपा ने कहा कि इसमें बिजली, पानी, सड़क और कनेक्टिविटी जैसे बुनियादी ढांचे पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान (Manveer Singh Chauhan) द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, सरकार कल्याणकारी राज्य की अवधारणा पर काम कर रही है। यह बजट न केवल आर्थिक सेहत सुधारेगा, बल्कि उद्योगों के अनुकूल वातावरण तैयार कर विकास को ‘बुलेट’ जैसी रफ्तार देने का काम करेगा।









