Dehradun DM Janta Darshan : देहरादून के कलेक्टेªट सभागार में मंगलवार, 10 फरवरी 2026 को आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में जिलाधिकारी सविन बंसल ने एक सराहनीय कदम उठाते हुए एक बुजुर्ग महिला को भारी-भरकम पानी के बिल से मुक्ति दिलाई।
सहस्त्रधारा रोड निवासी बुजुर्ग महिला हरदीप कौर ने जिलाधिकारी के समक्ष अपनी व्यथा सुनाते हुए बताया कि उनका पेयजल बिल 35,000 रुपये आया है, जिसे भरने में वह पूरी तरह असमर्थ हैं। महिला ने भावुक होते हुए बताया कि वह घर में अकेली रहती हैं, बीमार रहती हैं और उनके पास आय का कोई स्थायी साधन नहीं है।
ठगी का शिकार हुई थीं बुजुर्ग महिला
हरदीप कौर ने जिलाधिकारी को अपनी आपबीती बताते हुए कहा कि कुछ वर्ष पहले उन्होंने जल कनेक्शन कटवाने का अनुरोध किया था। इस दौरान कुछ फर्जी लोग उनके घर पहुंचे और 5,000 रुपये लेकर चले गए, लेकिन कनेक्शन नहीं काटा गया। बाद में कार्यालय जाने पर पता चला कि विभाग में ऐसे किसी कर्मचारी की तैनाती ही नहीं है। इस प्रकार वह ठगी का शिकार भी हुईं और उनका बिल लगातार बढ़ता चला गया, जो 27 महीनों में 35,000 रुपये तक पहुंच गया।
राइफल फंड से हुआ बिल का भुगतान
मामले की गंभीरता और बुजुर्ग महिला की लाचारी को देखते हुए जिलाधिकारी सविन बंसल ने तत्काल जल संस्थान से रिपोर्ट तलब की। प्रशासन के हस्तक्षेप के बाद विभाग ने बिल को संशोधित कर 14,372 रुपये में सेटल किया। महिला की दयनीय आर्थिक स्थिति को देखते हुए जिलाधिकारी ने मानवीय आधार पर इस राशि का भुगतान जिला प्रशासन के राइफल फंड से करने के निर्देश दिए। प्रशासन अब चेक के माध्यम से यह राशि जल संस्थान को जमा करा रहा है।
वरिष्ठ नागरिकों की समस्याओं पर विशेष जोर
इस प्रकरण के बाद जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को कड़े निर्देश दिए हैं कि भविष्य में वरिष्ठ नागरिकों और असहाय लोगों के मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाया जाए। उन्होंने कहा कि जनता दर्शन कार्यक्रम का उद्देश्य ही आमजन की समस्याओं का त्वरित और प्रभावी निस्तारण करना है। इस कार्रवाई से न केवल बुजुर्ग महिला को आर्थिक राहत मिली है, बल्कि जिला प्रशासन की कार्यशैली पर आम जनता का भरोसा भी बढ़ा है।



















