Beauty Tips : केमिकल वाले महंगे ब्यूटी प्रोडक्ट्स की जगह अब लोग त्वचा की देखभाल के लिए फिर से दादी-नानी के नुस्खों की ओर रुख कर रहे हैं।
एक्सपर्ट्स के मुताबिक, दही में लैक्टिक एसिड, प्रोटीन और कैल्शियम जैसे पोषक तत्व होते हैं जो स्किन को गहराई से पोषण देते हैं। यह न केवल चेहरे की गंदगी साफ करता है, बल्कि त्वचा को भीतर से मॉइस्चराइज भी रखता है।
अलग-अलग स्किन टाइप के लिए तरीके
अगर आपकी त्वचा बहुत ड्राई और बेजान रहती है, तो दही और शहद का फेस पैक रामबाण इलाज साबित हो सकता है। इसे करीब 20 मिनट तक चेहरे पर लगाकर सामान्य पानी से धो लें।
यह कॉम्बिनेशन त्वचा की नमी वापस लौटाता है और उसे कोमल बनाता है। नियमित इस्तेमाल से स्किन का रूखापन धीरे-धीरे खत्म होने लगता है।
ऑयली स्किन वाले लोगों के लिए दही, बेसन और नींबू की कुछ बूंदों का पेस्ट सबसे ज्यादा असरदार है। यह मिश्रण चेहरे से एक्स्ट्रा ऑयल हटाता है और रोमछिद्रों (पोर्स) की सफाई करता है।
जिन्हें बार-बार पिंपल्स की समस्या होती है, उनके लिए यह घरेलू नुस्खा काफी राहत देने वाला हो सकता है।
टैनिंग और दाग-धब्बों से छुटकारा
धूप में ज्यादा समय बिताने के कारण होने वाली टैनिंग को दही और हल्दी के जरिए कम किया जा सकता है।
दही में एक चुटकी हल्दी मिलाकर लगाने से स्किन टोन में सुधार आता है और काले घेरे या धब्बे हल्के होने लगते हैं। हफ्ते में सिर्फ दो बार इसका प्रयोग करने से चेहरे पर जबरदस्त फर्क नजर आने लगता है।
अगर आप तुरंत निखार चाहती हैं, तो ताजे दही से चेहरे की हल्के हाथों से मसाज करें और आधे घंटे बाद धो लें।
यह स्किन को इंस्टेंट फ्रेशनेस देता है और चेहरे पर जमी धूल-मिट्टी को पूरी तरह साफ कर देता है।














