Moong Dal Chakli : शाम होते ही चाय के साथ कुछ नमकीन और कुरकुरा खाने की तलब अक्सर लगती है। बाजार के पैकेटबंद स्नैक्स की जगह अगर आप घर पर बनी मूंग दाल चकली ट्राई करें, तो यह स्वाद और सेहत दोनों के लिए अच्छा रहेगा।
यह स्नैक इतना स्वादिष्ट होता है कि बच्चे इसे चलते-फिरते खाना पसंद करते हैं। सबसे अच्छी बात यह है कि इस कुरकुरी चकली को तैयार करने में ज्यादा वक्त भी नहीं लगता।
रसोई में मौजूद इन चीजों से करें तैयारी
इस रेसिपी के लिए आपको बहुत ज्यादा तामझाम की जरूरत नहीं है। बस आधा कप मूंग दाल, डेढ़ कप चावल का आटा और डेढ़ कप पानी तैयार रखें।
इसके अलावा स्वाद बढ़ाने के लिए 2 टेबल स्पून मक्खन, 2 टी-स्पून तिल, एक चुटकी हींग और स्वादानुसार नमक (करीब 1 टी-स्पून) ले लें।
आटा गूंथने के लिए अलग से एक-चौथाई कप पानी और भूनने के लिए 1 टी-स्पून तेल पास रखें। तलने के लिए तेल अलग से चाहिए होगा।

दाल पकाने का सही तरीका
सबसे पहले प्रेशर कुकर में एक छोटा चम्मच तेल गर्म करें और उसमें मूंग दाल डालकर हल्का भून लें। अब इसमें डेढ़ कप पानी मिलाएं और कुकर का ढक्कन बंद कर दें।
करीब 3 सीटी आने तक इसे पकाएं ताकि दाल पूरी तरह गल जाए। दाल पकने के बाद उसे ठंडा होने दें और फिर उसका एक चिकना पेस्ट बना लें। इस पेस्ट को एक बड़े बर्तन या कटोरी में निकाल लें।
ऐसे तैयार करें कुरकुरी चकली
दाल के पेस्ट में चावल का आटा, मक्खन, तिल, हींग और नमक डालकर अच्छी तरह मिलाएं। अब इसमें जरूरत के हिसाब से (करीब ¼ कप) पानी डालकर नरम आटा गूंथ लें।
अब चकली मेकर (सांचा) लें और उसमें स्टार वाली जाली लगाएं। सांचे को अंदर से तेल लगाकर चिकना कर लें ताकि आटा चिपके नहीं।
आटे का लंबा रोल बनाकर सांचे में डालें। गर्म तेल की कड़ाही तैयार रखें। चकली मेकर को दबाते हुए गोल-गोल चकली सीधे तेल में छोड़ें या प्लास्टिक पर बनाकर तेल में डालें। 3-4 इंच के टुकड़ों में इसे मध्यम आंच पर सुनहरा और क्रिस्पी होने तक तलें।
आपकी गरमा-गरम मूंग दाल चकली तैयार है, इसे चाय के साथ सर्व करें।














