Health Tips : शरीर को सुचारू रूप से चलाने के लिए विटामिन बी-12 इंजन के ईंधन की तरह काम करता है। यह ब्लड सेल्स बनाने, नर्व्स को सुरक्षित रखने और एनर्जी लेवल बनाए रखने के लिए जिम्मेदार है।
लेकिन चिंता की बात यह है कि भारत में बहुत सारे लोग इसकी कमी का शिकार हो रहे हैं। अगर समय रहते इस पर ध्यान न दिया जाए, तो यह गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं का कारण बन सकता है।
सिर्फ खाना ही नहीं, शरीर की क्षमता भी है वजह
आमतौर पर माना जाता है कि डाइट में कमी ही इसका एकमात्र कारण है। यह सच है कि पेड़-पौधों से मिलने वाले भोजन में विटामिन बी-12 बहुत कम होता है।
यही वजह है कि वेजिटेरियन और वीगन डाइट फॉलो करने वालों में यह समस्या ज्यादा देखने को मिलती है, क्योंकि यह विटामिन मुख्य रूप से मीट, अंडे और डेयरी उत्पादों में पाया जाता है। लेकिन कई बार नॉन-वेज खाने वाले भी इसकी कमी से जूझते हैं।
इसका बड़ा कारण खराब डाइजेशन है। अगर आपकी आंतें सही तरह से काम नहीं कर रही हैं, तो आप कितना भी पौष्टिक खाना खा लें, शरीर विटामिन बी-12 को सोख (अब्जॉर्ब) नहीं पाएगा।
गैस, क्रोहन और सीलिएक जैसी पेट की बीमारियों में आंतें इस विटामिन को ग्रहण करना बंद कर देती हैं।
दवाएं और उम्र भी डालती हैं असर
बढ़ती उम्र के साथ शरीर की कार्यप्रणाली धीमी होने लगती है। जैसे-जैसे हम बूढ़े होते हैं, पेट में एसिड का उत्पादन कम हो जाता है।
यह एसिड ही भोजन से विटामिन को अलग करने का काम करता है। यही कारण है कि अधेड़ उम्र और बुजुर्गों में इसकी कमी आम बात हो गई है।
इसके अलावा, आज के दौर में चल रही कुछ दवाएं भी दुश्मन बन बैठी हैं। डायबिटीज के मरीज जो दवाएं खाते हैं या जो लोग एसिड रिफ्लक्स (जलन) शांत करने की दवा लेते हैं, उन दवाओं के साइड इफेक्ट से भी बॉडी में विटामिन बी-12 का अब्जॉर्प्शन रुक जाता है।
ऑटोइम्यून बीमारी और लक्षण
एक गंभीर स्थिति ‘परनीसियस एनीमिया’ (Pernicious Anemia) है। यह एक ऑटोइम्यून कंडीशन है, जिसमें शरीर खुद उन सेल्स पर हमला कर देता है जो विटामिन बी-12 को सोखने में मदद करती हैं।
इस स्थिति में इलाज बेहद जरूरी हो जाता है। शरीर में इसकी कमी होने पर कुछ साफ संकेत दिखाई देते हैं। व्यक्ति को लगातार कमजोरी महसूस होती है।
सबसे आम लक्षण हाथों और पैरों में सुन्नपन या ऐसी झुनझुनी होना है जैसे चींटियां चल रही हों। इसके अलावा दिमाग का फोकस बिगड़ना, स्किन का पीला पड़ना (पीलिया जैसा) और जीभ में सूजन या दर्द होना भी इसके प्रमुख लक्षण हैं।














