Beauty Tips : चेहरे की खूबसूरती बढ़ानी हो या रूखी त्वचा (Dry Skin) से छुटकारा पाना हो, नारियल का तेल एक बेहतरीन विकल्प है। अक्सर मौसम बदलने या शुष्क हवाओं के कारण स्किन अपनी नमी खो देती है।
ऐसे में नारियल तेल में मौजूद एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण त्वचा को गहराई से पोषण देते हैं। अगर आप भी ड्राई स्किन की समस्या से जूझ रहे हैं, तो केवल नारियल तेल या इसे कुछ खास चीजों के साथ मिलाकर लगाने से चेहरा खिल उठेगा।
जानिए इसे इस्तेमाल करने के सही तरीके और फायदे।
सिर्फ नारियल तेल का इस्तेमाल
अगर आपकी त्वचा बहुत ज्यादा रूखी है, तो सादा नारियल तेल ही काफी है। इसके लिए अपनी हथेली पर सिर्फ 2 बूंद तेल लें। इसे हथेलियों पर रगड़ें और चेहरे व गले पर अच्छी तरह लगा लें।
आप चाहें तो इसे ऐसे ही छोड़ दें या फिर आधे घंटे बाद सादे पानी से चेहरा धो लें। यह स्किन को तुरंत राहत देता है।
हल्दी के साथ जादुई असर
चेहरे पर ग्लो या चमक चाहिए तो नारियल तेल और हल्दी का कॉम्बिनेशन बेस्ट है। हथेली पर 2 बूंद तेल लें और उसमें चुटकी भर हल्दी मिला लें। इस पेस्ट को चेहरे पर लगाएं।
करीब 20 मिनट तक इसे लगा रहने दें और फिर चेहरा धो लें। हल्दी के एंटी-बैक्टीरियल गुण और तेल की नमी मिलकर त्वचा में गजब का निखार लाते हैं।
शहद मिलाकर ऐसे लगाएं
रूखी त्वचा के लिए शहद और नारियल तेल का मिश्रण किसी टॉनिक से कम नहीं है। इसके लिए बराबर मात्रा में नारियल तेल और शहद को एक साथ मिला लें।
इसे चेहरे पर लगाएं और 20 मिनट के लिए छोड़ दें। समय पूरा होने पर चेहरा धो लें। इससे ड्राइनेस खत्म होगी और चेहरा चमकने लगेगा।
मेकअप हटाने और झुर्रियों में फायदेमंद
नारियल तेल सिर्फ मॉइस्चराइजर ही नहीं, बल्कि एक बेहतरीन मेकअप रिमूवर भी है। इसे लगाने से त्वचा पर जमी गंदगी और मेकअप आसानी से साफ हो जाता है।
साथ ही, इसके नियमित इस्तेमाल से चेहरे की मांसपेशियों को आराम मिलता है और झुर्रियां कम करने में भी मदद मिलती है। यह शुष्क हवाओं से स्किन को बचाने का एक नेचुरल कवच है।














