Health Tips : महिलाओं की सेहत से जुड़ा एक अहम मुद्दा वाइट डिस्चार्ज है, जिसे अक्सर शर्म या झिझक के कारण नजरअंदाज कर दिया जाता है। मेडिकल भाषा में इसे ल्यूकोरिया (Leucorrhoea) कहते हैं।
यह शरीर की एक स्वाभाविक प्रक्रिया हो सकती है, लेकिन कई मामलों में यह किसी अंदरूनी बीमारी या इन्फेक्शन का भी संकेत देता है।
अगर डिस्चार्ज का रंग सफेद से बदलकर पीला, ग्रे या ब्राउन हो जाए, तो यह चिंता का विषय है।
यह प्रक्रिया कब सामान्य है?
शरीर में होने वाले हार्मोनल बदलावों का सीधा असर वेजाइनल हेल्थ पर पड़ता है। मासिक धर्म (पीरियड्स) शुरू होने से ठीक पहले या ओवुलेशन के समय सफेद रंग का चिपचिपा पदार्थ निकलना एक सामान्य बात है।
ऐसा शरीर में प्रोजेस्टेरोन हार्मोन का स्तर बढ़ने के कारण होता है। इस स्थिति में घबराने की जरूरत नहीं होती, क्योंकि यह महिला के रिप्रोडक्टिव सिस्टम के सुचारू रूप से काम करने का हिस्सा है।
इन्फेक्शन और खतरे की पहचान कैसे करें?
सतर्क होने की जरूरत तब है जब डिस्चार्ज के साथ तेज दुर्गंध आए या इसका रंग बदल जाए। अगर किसी महिला को पूरे महीने लगातार डिस्चार्ज हो रहा है, जिससे पैंटी गीली रहती है और इसका पीरियड्स की डेट से कोई लेना-देना नहीं है, तो यह बैक्टीरियल या फंगल इन्फेक्शन हो सकता है।
रिप्रोडक्टिव ऑर्गन में बैक्टीरिया की संख्या बढ़ने या खाने में पोषक तत्वों की कमी से भी यह समस्या विकराल रूप ले लेती है।
इसके कारण कमजोरी, चक्कर आना और जी मिचलाने जैसी परेशानियां भी महसूस होने लगती हैं।
जलन और खुजली को न करें अनदेखा
वाइट डिस्चार्ज के दौरान अगर वेजाइना में खुजली या जलन महसूस हो, तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए। पेशाब करते समय जलन होना या फिजिकल रिलेशन के बाद तकलीफ होना भी इसके गंभीर लक्षण हैं।
डॉक्टरों के अनुसार, लगातार असामान्य डिस्चार्ज को अनदेखा करने से यीस्ट इन्फेक्शन, गोनोरिया, गर्भाशय मुख की समस्याएं और कुछ मामलों में सर्वाइकल कैंसर तक का खतरा बढ़ जाता है।
लाइफस्टाइल में बदलाव से बचाव
वेजाइनल हेल्थ को दुरुस्त रखने के लिए हाइजीन का खास ख्याल रखना जरूरी है। सिंथेटिक की जगह कॉटन के ब्रीदेबल अंडरगारमेंट्स का इस्तेमाल करें, ताकि नमी और बैक्टीरिया न पनपें।
अपनी डाइट में हेल्दी फूड शामिल करें और शरीर को हाइड्रेटेड रखें। समय पर लक्षणों को पहचानकर इलाज करवाने से बड़ी बीमारियों से आसानी से बचा जा सकता है।














