ताज़ा समाचार देश विदेश क्राइम बिज़नेस खेल मनोरंजन ऑटो गैजेट्स धर्म राशिफल आज का पंचांग
हेल्थ लाइफस्टाइल करियर ट्रेंडिंग

दून में जमीन खरीदने से पहले सावधान, एमडीडीए ने ध्वस्त की अवैध कॉलोनियां

दून हॉराइज़न ब्यूरो,
Published by: Harpreet Singh Updated Mon, 02 Nov 2026 07:24 PM IST

देहरादून के डोईवाला में एमडीडीए ने 65 बीघा में फैली अवैध प्लॉटिंग को ध्वस्त किया। पुरुकुल रोड और मैगी प्वाइंट पर दो व्यावसायिक प्रतिष्ठान भी सील किए गए।

MDDA Dehradun action

मुख्य बातें

  • डोईवाला के पांच इलाकों में 65 बीघा अवैध प्लॉटिंग ध्वस्त।
  • नक्शे के विपरीत बने दो व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर सीलिंग की कार्रवाई।
  • एमडीडीए ने आमजन से जमीन खरीदते समय सतर्क रहने को कहा।

देहरादून (02 नवंबर) : देहरादून की डोईवाला पट्टी में अवैध कॉलोनियां काटकर आम खरीदारों को फंसाने वाले भूमाफिया के खिलाफ मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने अब तक का सबसे बड़ा संयुक्त अभियान चलाया है। प्राधिकरण के दस्ते ने भारी पुलिस बल के साथ सोमवार को डोईवाला के पांच प्रमुख इलाकों में दबिश देकर करीब 60 से 65 बीघा कृषि व खाली जमीन पर बिना ले-आउट के काटी जा रही अवैध कॉलोनियों को ध्वस्त कर दिया। इसके साथ ही पुरुकुल रोड और मैगी प्वाइंट पर स्वीकृत नक्शे की धज्जियां उड़ाकर खड़े किए जा रहे दो बड़े व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को मौके पर ही सील कर दिया गया।

डोईवाला में पांच ठिकानों पर गरजा सरकारी बुलडोजर

प्राधिकरण की प्रवर्तन टीम ने सोमवार सुबह डोईवाला क्षेत्र के घिसरपट्टी, बुल्लावाला मार्ग, कुड़कावाला और काम्बोज कॉलोनी में एक साथ कार्रवाई शुरू की। घिसरपट्टी में राजू, बाबू, रोशन और मुकुल तोमर द्वारा करीब 15 से 20 बीघा जमीन पर बिना ले-आउट पास कराए प्लॉटिंग की जा रही थी, जिसे बुलडोजर से जमींदोज किया गया। बुल्लावाला मार्ग पर कुड़कावाला स्थित बीएसएफ हाउस के पास इमरान व अन्य सहयोगियों की 10 बीघा जमीन पर डाली गई सड़कें और बाउंड्रीवाल गिरा दी गईं। वहीं भगत सिंह कॉलोनी गली नंबर-6 में बलदेव सिंह की पांच बीघा और काम्बोज कॉलोनी में नत्थी सिंह, यशपाल, हेमंत पंचोली व अन्य की 30 से 35 बीघा अवैध प्लॉटिंग पर प्राधिकरण का हथौड़ा चला।

नक्शे के उल्लंघन पर दो बड़े व्यावसायिक प्रतिष्ठान सील

अवैध प्लॉटिंग के साथ-साथ व्यावसायिक संपत्तियों में हो रहे अवैध निर्माण पर भी एमडीडीए ने कड़ा प्रहार किया। मैगी प्वाइंट इलाके में जगदीश चौहान द्वारा बिना अनुमति किए गए व्यावसायिक निर्माण को प्राधिकरण ने सील कर दिया। इसके अलावा, पुरुकुल रोड स्थित ईडन वेलनेस एंड हॉस्पिटेलिटी में संजीव बोहरा द्वारा स्वीकृत मानचित्र की शर्तों का उल्लंघन कर नया ढांचा खड़ा किया जा रहा था। प्रवर्तन विंग ने दोनों परिसरों के प्रवेश द्वारों पर लाल सील चस्पा कर पुलिस को निगरानी सौंप दी है।

जमीन खरीदने से पहले ले-आउट जांचने की सख्त चेतावनी

एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने दो टूक कहा कि दून घाटी के सुनियोजित विकास से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं होगा। उन्होंने आम जनता को आगाह किया कि जीवनभर की गाढ़ी कमाई लगाने से पहले वे प्राधिकरण से प्लॉटिंग के ले-आउट और वैध अनुमतियों की जांच अनिवार्य रूप से कर लें, वरना नुकसान की जिम्मेदारी खुद खरीदार की होगी। एमडीडीए सचिव मोहन सिंह बर्निया ने बताया कि क्षेत्रवार उड़नदस्ते लगातार गश्त कर रहे हैं और फील्ड रिपोर्ट के आधार पर बिना नक्शे या ले-आउट वाली सभी अनधिकृत साइट्स पर ध्वस्तीकरण और सीलिंग की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Harpreet Singh

हरप्रीत सिंह पिछले 10 वर्षों से 'दून हॉराइज़न' के साथ जुड़े हुए हैं. पत्रकारिता के क्षेत्र में एक दशक का अनुभव रखने वाले हरप्रीत की उत्तराखंड और अन्य राज्यों की खबरों पर गहरी पकड़ है. उन्होंने अपनी उच्च शिक्षा में उत्तराखंड तकनीकी विश्वविद्यालय से एमबीए (MBA) की डिग्री हासिल की है. इसके अलावा, उन्होंने भारतीय विद्या भवन, मुंबई से पब्लिक रिलेशंस (जनसंपर्क) में पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा भी पूरा किया है. अपने अनुभव और शिक्षा के माध्यम से वे पाठकों तक सटीक और विश्लेषणात्मक खबरें पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं.

Leave a Comment