ताज़ा समाचार देश विदेश क्राइम बिज़नेस खेल मनोरंजन ऑटो गैजेट्स धर्म राशिफल आज का पंचांग
हेल्थ लाइफस्टाइल करियर ट्रेंडिंग
ब्रेकिंग
पहाड़ के दूरस्थ इलाकों में घर के पास मिलेगा इलाज, सीएम धामी ने शुरू की मोबाइल मेडिकल यूनिटउत्तराखंड में 28 नवंबर को 300 जगहों पर मॉक ड्रिल, भूकंप-बाढ़ से लेकर टनल हादसे तक का होगा अभ्याससम्मन के बाद भी आयोग नहीं पहुंच रहे अधिकारी, बलजीत सोनी ने डीएम-एसएसपी से मांगा सहयोगबैणी-भुली योजना से पांच लाख महिलाओं को मिलेगा आर्थिक संबल, दिसंबर में जारी होगी पहली किस्तउत्तराखंड में जनगणना की तैयारी पूरी, 1 दिसंबर से घर-घर पहुंचेंगे कर्मचारी, 40 सवालों के देने होंगे जवाबउत्तराखंड बस हादसे पर धामी सरकार का बड़ा फैसला, मृतकों के परिजनों को मिलेंगे ₹2 लाखउत्तराखंड में चुनावी तैयारी तेज, 6 दिन के दौरे पर आ रहीं कांग्रेस प्रभारी कुमारी सैलजाउत्तराखंड के हजारों शिक्षकों के लिए राहत भरा आदेश, दूर हुई वेतन विसंगतिदेहरादून में DIPR Digital Podcast का हुआ शुभारंभ, सरकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार अब होगा और भी तेजबेटे-बहू ने बुजुर्ग मां-बाप को किया बेघर, DM के सामने फूट-फूटकर रोए बुजुर्गपहाड़ के दूरस्थ इलाकों में घर के पास मिलेगा इलाज, सीएम धामी ने शुरू की मोबाइल मेडिकल यूनिटउत्तराखंड में 28 नवंबर को 300 जगहों पर मॉक ड्रिल, भूकंप-बाढ़ से लेकर टनल हादसे तक का होगा अभ्याससम्मन के बाद भी आयोग नहीं पहुंच रहे अधिकारी, बलजीत सोनी ने डीएम-एसएसपी से मांगा सहयोगबैणी-भुली योजना से पांच लाख महिलाओं को मिलेगा आर्थिक संबल, दिसंबर में जारी होगी पहली किस्तउत्तराखंड में जनगणना की तैयारी पूरी, 1 दिसंबर से घर-घर पहुंचेंगे कर्मचारी, 40 सवालों के देने होंगे जवाबउत्तराखंड बस हादसे पर धामी सरकार का बड़ा फैसला, मृतकों के परिजनों को मिलेंगे ₹2 लाखउत्तराखंड में चुनावी तैयारी तेज, 6 दिन के दौरे पर आ रहीं कांग्रेस प्रभारी कुमारी सैलजाउत्तराखंड के हजारों शिक्षकों के लिए राहत भरा आदेश, दूर हुई वेतन विसंगतिदेहरादून में DIPR Digital Podcast का हुआ शुभारंभ, सरकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार अब होगा और भी तेजबेटे-बहू ने बुजुर्ग मां-बाप को किया बेघर, DM के सामने फूट-फूटकर रोए बुजुर्ग

बैणी-भुली योजना से पांच लाख महिलाओं को मिलेगा आर्थिक संबल, दिसंबर में जारी होगी पहली किस्त

Written by: Harpreet Singh |
Nov 17, 2026 17:26 IST i
✎ Published On Nov 17, 2026 17:26 IST 🕒 Last Updated On Nov 17, 2026 17:26 IST

पीपलकोटी में सीएम धामी ने बैणी-भुली योजना की पहली किस्त दिसंबर में देने का ऐलान किया। पांच लाख से अधिक महिलाओं को दो किस्तों में सीधे बैंक खातों में मदद मिलेगी।

baini bhuli yojana

मुख्य बातें

  • बैणी-भुली योजना से पांच लाख से अधिक महिलाओं को आर्थिक सहायता मिलेगी।
  • योजना की पहली किस्त दिसंबर में लाभार्थियों के बैंक खातों में आएगी।
  • चमोली में 149.77 करोड़ रुपये की 30 विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास हुआ।
  • हेलंग-डूंगरी बरोसी, गोपेश्वर-पोखरी और त्रिशूला-भदूड़ा मार्गों की घोषणा हुई।

देहरादून, 17 नवंबर : उत्तराखंड की पांच लाख से अधिक महिलाओं को आर्थिक सहायता देने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बैणी-भुली योजना की पहली किस्त दिसंबर में जारी करने का ऐलान किया है। योजना के तहत प्रोत्साहन राशि दो किस्तों में सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजी जाएगी। मुख्यमंत्री ने मंगलवार को चमोली जिले के पीपलकोटी में आयोजित मातृशक्ति सम्मेलन में यह घोषणा की। इस दौरान उन्होंने जिले को 149.77 करोड़ रुपये की 30 विकास योजनाओं की सौगात भी दी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार महिलाओं के सम्मान, स्वावलंबन और सशक्तीकरण को प्राथमिकता दे रही है। पहाड़ की महिलाएं परिवार की जिम्मेदारियां संभालने के साथ खेती, पशुपालन, पर्यावरण संरक्षण और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। सरकार का प्रयास है कि महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए स्वयं सहायता समूहों, स्वरोजगार और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा दिया जाए।

सम्मेलन में मुख्यमंत्री के पहुंचने पर बड़ी संख्या में महिलाओं ने पारंपरिक वाद्ययंत्रों, कलश यात्रा और पुष्पवर्षा के साथ उनका स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने रोड शो के दौरान लोगों का अभिवादन स्वीकार किया। जिलाधिकारी गौरव कुमार ने उन्हें श्री नंदा देवी राजजात पर आधारित हस्तनिर्मित पेंटिंग भेंट की।

कार्यक्रम स्थल पर लगाए गए विभिन्न विभागों और महिला समूहों के स्टॉलों का मुख्यमंत्री ने निरीक्षण भी किया। इस दौरान उन्होंने महिलाओं के साथ सिलबट्टे पर पहाड़ी नमक पीसा। इसके अलावा जांदरा यानी हाथ की चक्की से अनाज पीसने और मथानी से दही मथने की गतिविधि में भी हिस्सा लिया।

बैणी-भुली योजना से पांच लाख महिलाओं को मिलेगी मदद

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में बैणी-भुली योजना को महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण से जुड़ी महत्वपूर्ण पहल बताया। उन्होंने कहा कि इस योजना के माध्यम से प्रदेश की पांच लाख से अधिक महिलाओं को आर्थिक संबल दिया जाएगा। प्रोत्साहन राशि दो किस्तों में सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में हस्तांतरित की जाएगी। इसकी पहली किस्त दिसंबर में जारी होगी।

दरअसल, महिला स्वयं सहायता समूहों को आर्थिक सहायता देने का विषय इससे पहले भी सरकार की घोषणाओं में सामने आया था। 10 नवंबर को कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी ने जानकारी दी थी कि स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को दो किस्तों में प्रोत्साहन राशि देने की योजना है। उन्होंने बताया था कि प्रदेश में करीब 75 हजार स्वयं सहायता समूहों से साढ़े पांच लाख महिलाएं जुड़ी हैं।

मुख्यमंत्री ने सम्मेलन में महिलाओं के लिए सरकार की दूसरी योजनाओं का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उज्ज्वला योजना, जनधन योजना और प्रत्यक्ष लाभ अंतरण जैसी पहलों से महिलाओं को आर्थिक और सामाजिक स्तर पर लाभ मिला है।

धामी ने बताया कि उत्तराखंड में सरकारी सेवाओं में महिलाओं को 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण दिया जा रहा है। सहकारी समितियों में भी महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान किया गया है। उन्होंने समान नागरिक संहिता को महिलाओं के समान अधिकार सुनिश्चित करने की दिशा में उठाया गया कदम बताया।

बेटियों की शिक्षा और आर्थिक सुरक्षा को लेकर मुख्यमंत्री ने नंदा गौरा योजना का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इस योजना के तहत बेटी के जन्म पर 11 हजार रुपये और 12वीं कक्षा उत्तीर्ण करने के बाद 51 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है।

धामी के मुताबिक, पिछले चार वर्षों में चमोली जिले के नौ विकासखंडों में 900 से अधिक अत्यंत गरीब परिवारों की महिलाओं को विभिन्न योजनाओं के माध्यम से तीन करोड़ रुपये से अधिक की सहायता उपलब्ध कराई गई है।

चिपको आंदोलन से जुड़ी महिलाओं को किया याद, कई हस्तियों का सम्मान

मुख्यमंत्री ने चमोली की धरती से शुरू हुए ऐतिहासिक चिपको आंदोलन का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि गौरा देवी और उनकी साथी महिलाओं ने पर्यावरण संरक्षण के लिए जो संदेश दिया था, वह आज भी दुनिया के लिए प्रेरणास्रोत है।

सम्मेलन में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया। महिला मंगल दल मैडठैली की अध्यक्ष उत्तरा देवी और महिला मंगल दल पाखी की अध्यक्ष मीना देवी को पर्यावरण संरक्षण, श्रमदान, अल्प बचत और नशामुक्ति कार्यक्रमों में योगदान के लिए सम्मान मिला।

मधुमक्खी पालन के क्षेत्र में भुवना देवी, खेती के लिए रामेश्वरी देवी, बांस से उत्पाद तैयार करने के लिए उषा देवी और प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए लीला देवी को सम्मानित किया गया।

कृषि क्षेत्र में योगदान के लिए माहेश्वरी देवी, अनुसूया कुंवर और बिमला देवी को सम्मान दिया गया। खेल के क्षेत्र में उपलब्धियों के लिए निशा और स्वाति बड़वाल को सम्मानित किया गया।

इसके अलावा लखपति दीदी के रूप में निरजा, रामेश्वरी देवी और अनीता देवी को सम्मान मिला। हाईस्कूल परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को भी सम्मानित किया गया। कवयित्री सुरभी देवी और मांगल गीत गायिका नन्दा सती को भी मुख्यमंत्री ने सम्मानित किया।

मुख्यमंत्री ने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को सहायता राशि के चेक भी वितरित किए। इनमें पॉलीहाउस, कृषि, पशुपालन, अटल आवास और अनुसूचित जाति पुत्री शादी अनुदान योजना के लाभार्थी शामिल रहे।

मिलेट्स उत्पादन में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिला किसानों को जिला स्तरीय किसान भूषण पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

चमोली में 149.77 करोड़ की 30 विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास

मातृशक्ति सम्मेलन के दौरान मुख्यमंत्री ने चमोली जिले में कुल 149.77 करोड़ रुपये की 30 विकास योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। इनमें 133.59 करोड़ रुपये की 16 योजनाओं का शिलान्यास और 16.18 करोड़ रुपये की 14 योजनाओं का लोकार्पण शामिल है।

इन परियोजनाओं में सड़क, पुल, स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कार्य शामिल हैं। शिलान्यास की प्रमुख योजनाओं में गोविंदघाट में मोटर पुल का निर्माण, ग्वालदम-नंदकेशरी और थराली-देवाल-मुंदोली-वाण मोटर मार्गों का सुधारीकरण शामिल है।

इसके अलावा हापला-मसौली से गुडम नैल मोटर मार्ग और ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग से जयकंडी-ग्वाड़ मोटर मार्ग के निर्माण कार्य भी शामिल हैं।

लोकार्पित योजनाओं में आईटीआई गोपेश्वर में कार्यशाला का निर्माण प्रमुख है। इसके साथ ही गौचर और उर्गम में स्वास्थ्य इकाइयों, विभिन्न राजकीय इंटर कॉलेजों में प्रयोगशालाओं और कक्षा-कक्षों तथा आयुर्वेदिक चिकित्सालयों से संबंधित कार्य पूरे किए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने इस दौरान तीन अन्य मोटर मार्गों के निर्माण और सुधारीकरण की घोषणा भी की। इनमें हेलंग-डूंगरी बरोसी मोटर मार्ग, गोपेश्वर-पोखरी मोटर मार्ग और त्रिशूला-भदूड़ा मोटर मार्ग शामिल हैं।

कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, जनपद प्रभारी मंत्री भरत सिंह चौधरी, विधायक अनिल नौटियाल और भूपाल राम टम्टा मौजूद रहे।

इसके अलावा भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष रुचि भट्ट, जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट, पीपलकोटी नगर पंचायत अध्यक्ष आरती नवानी, दर्जा मंत्री ऋषि प्रसाद सती और रामचंद्र गौड़ भी सम्मेलन में शामिल हुए।

जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष गजेंद्र सिंह रावत, जिलाधिकारी गौरव कुमार, पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार और मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी समेत अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।

क्विक आंसर्सPowered by Doon Horizon
बैणी-भुली योजना के तहत प्रत्येक महिला को कितनी आर्थिक सहायता मिलेगी?

पीपलकोटी सम्मेलन में प्रति लाभार्थी सहायता राशि की निश्चित रकम घोषित नहीं की गई है।

बैणी-भुली योजना का लाभ किन महिलाओं को मिलेगा?

मुख्यमंत्री ने पांच लाख से अधिक महिलाओं को लाभ देने की बात कही है। विस्तृत पात्रता शर्तें अभी सामने नहीं आई हैं।

बैणी-भुली योजना के लिए आवेदन कहां और कैसे करना होगा?

घोषणा में आवेदन पोर्टल, पंजीकरण प्रक्रिया और जरूरी दस्तावेजों की जानकारी जारी नहीं की गई है।

Harpreet Singh

हरप्रीत सिंह पिछले 10 वर्षों से 'दून हॉराइज़न' के साथ जुड़े हुए हैं. पत्रकारिता के क्षेत्र में एक दशक का अनुभव रखने वाले हरप्रीत की उत्तराखंड और अन्य राज्यों की खबरों पर गहरी पकड़ है. उन्होंने अपनी उच्च शिक्षा में उत्तराखंड तकनीकी विश्वविद्यालय से एमबीए (MBA) की डिग्री हासिल की है. इसके अलावा, उन्होंने भारतीय विद्या भवन, मुंबई से पब्लिक रिलेशंस (जनसंपर्क) में पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा भी पूरा किया है. अपने अनुभव और शिक्षा के माध्यम से वे पाठकों तक सटीक और विश्लेषणात्मक खबरें पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं.

Leave a Comment

अपना राज्य चुनें×