Maruti Suzuki YMC Electric MPV : भारतीय पैसेंजर व्हीकल बाजार की सबसे बड़ी कंपनी मारुति सुजुकी अब फैमिली मोबिलिटी को पूरी तरह बिजली की रफ्तार पर ले जाने की तैयारी कर चुकी है। कंपनी अपनी बहुप्रतीक्षित इलेक्ट्रिक कार (Electric Car) पर तेजी से काम कर रही है, जिसे फिलहाल इंटरनल कोडनेम ‘YMC’ दिया गया है।
यह महज कोई सामान्य हैचबैक या कॉम्पैक्ट क्रॉसओवर नहीं, बल्कि तीन-रो वाली फुल-साइज मल्टी-पर्पज व्हीकल (MPV) होगी। देश के अलग-अलग हिस्सों में इसकी ऑन-रोड टेस्टिंग लंबे समय से चल रही है। सड़क पर ली गई स्पाई तस्वीरों से साफ संकेत मिलते हैं कि कंपनी इसे पूरी तरह भारतीय खरीदारों की पारिवारिक जरूरतों को केंद्र में रखकर डिजाइन कर रही है।
ई विटारा का डीएनए और अर्टिगा से ज्यादा मस्कुलर लुक
दिखने में मारुति YMC का फ्रंट प्रोफाइल काफी हद तक सुजुकी की ग्लोबल इलेक्ट्रिक एसयूवी ‘ई विटारा’ जैसा दिखाई देता है। इसमें मस्कुलर बोनट क्रीज, स्लीक ए-पिलर, एयरोडायनामिक साइड रियर-व्यू मिरर और चौड़े व्हील आर्च नजर आएंगे।
पहियों की बात करें तो रेंज सुधारने के लिए इसमें खास 18-इंच के एयरो कट अलॉय व्हील जोड़े गए हैं। पीछे की तरफ नजर डालें तो इसका स्टाइलिंग फ्लेवर अर्टिगा की याद दिलाता है। इसमें एल-शेप वाले एलईडी टेललैंप दिए गए हैं। हालांकि, इसका ग्राउंड क्लीयरेंस और एसयूवी जैसा मस्कुलर स्टांस इसे मौजूदा पेट्रोल अर्टिगा के मुकाबले कहीं ज्यादा प्रीमियम और मॉडर्न लुक देता है।
लग्जरी केबिन, कैप्टन सीट्स और आधुनिक टेक फीचर्स

केबिन के मामले में यह गाड़ी मारुति की पारंपरिक गाड़ियों से दो कदम आगे नजर आएगी। इसका डैशबोर्ड लेआउट, फ्लोटिंग सेंटर कंसोल और स्विचगियर सीधे ई विटारा के प्रीमियम प्लेटफॉर्म से साझा किए जाने की उम्मीद है।
खरीदारों को इसमें दो सीटिंग विकल्प मिलेंगे—6-सीटर और 7-सीटर। 6-सीटर मॉडल में बीच की कतार में आर्मरेस्ट वाली कैप्टन सीट्स मिलेंगी, जो लंबी दूरी के सफर में आरामदायक साबित होंगी। ड्राइवर और आगे के सह-यात्री के लिए वेंटिलेटेड सीट्स के साथ 10-वे पावर एडजस्टेबल ड्राइवर सीट मिलने की पूरी उम्मीद है।
डैशबोर्ड पर 10.25-इंच का फुली डिजिटल ड्राइवर डिस्प्ले और 10.1-इंच का टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम मौजूद होगा, जो वायरलेस एंड्रॉयड ऑटो और एप्पल कारप्ले को सपोर्ट करेगा। वायरलेस फोन चार्जिंग पैड भी सेंटर कंसोल में इंटीग्रेटेड रहेगा।
सुरक्षा का मजबूत घेरा और किआ कैरेंस ईवी से सीधी टक्कर
सुरक्षा के मोर्चे पर मारुति कोई समझौता करने के मूड में नहीं है। इसमें एडवांस्ड ड्राइवर असिस्टेंस सिस्टम (ADAS) तकनीक दी जाएगी, जिसमें लेन कीप असिस्ट, लेन डिपार्चर प्रिवेंशन, एडैप्टिव क्रूज़ कंट्रोल और रियर क्रॉस ट्रैफिक अलर्ट जैसे सक्रिय सुरक्षा फीचर्स शामिल होंगे। इसके अलावा 7 एयरबैग, इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी कंट्रोल (ESC) और तंग जगहों में पार्किंग आसान बनाने के लिए 360-डिग्री सराउंड कैमरा दिया जा सकता है।
बाजार में उतरते ही इसका सीधा मुकाबला किआ कैरेंस क्लैविस ईवी (Kia Carens Clavis EV) से होगा, जो 42kWh और 51.4kWh बैटरी के साथ 404 से 490 किमी की रेंज देती है। ऑटोमोबाइल विश्लेषकों का मानना है कि मारुति YMC की कीमत भारतीय बाजार में लगभग 22 लाख से 28 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) के ब्रैकेट में रखी जा सकती है। टोयोटा भी अपने री-बैज्ड मॉडल के रूप में इस प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल भविष्य में कर सकती है।










