Soya Matar Cutlet Recipe : शाम की चाय के साथ अक्सर वही रोज के समोसे या पकौड़े खाकर मन भर जाता है। ऐसे में अगर आप कुछ हल्का, टेस्टी और जल्दी बनने वाला नाश्ता तलाश रहे हैं, तो सोया मटर कटलेट एक बढ़िया विकल्प है।
सोयाबीन की न्यूट्रिशन वैल्यू और हरी मटर का मीठा स्वाद मिलकर इसे बेहद खास बना देते हैं। यह बाहर से एकदम कुरकुरा और अंदर से बेहद नरम बनता है, जिसे बच्चे और बड़े दोनों चाव से खाते हैं।
जरूरी सामग्री
- सोया चंक्स: 40 ग्राम
- उबली हरी मटर: आधा कप
- उबली हुई पालक: 200 ग्राम (बारीक कटी या मैश की हुई)
- प्याज: 1 (बारीक कटा हुआ)
- अदरक और हरी मिर्च: 1 छोटा टुकड़ा अदरक (घिसा हुआ) और 1 कटी मिर्च
- मसाले: आधा छोटा चम्मच जीरा पाउडर, आधा छोटा चम्मच गरम मसाला, आधा छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर, स्वादानुसार नमक
- खटास के लिए: आधा छोटा चम्मच अमचूर पाउडर या आधा नींबू का रस
- बाइंडिंग के लिए: 2 से 3 बड़े चम्मच भुना बेसन, सत्तू या ओट्स का आटा
- बारीक कटा हरा धनिया: 2 से 3 बड़े चम्मच
- तेल या घी: शैलो फ्राई करने के लिए
बनाने का आसान तरीका
1. सोया चंक्स तैयार करें
सबसे पहले एक बर्तन में पानी गरम करें और सोया चंक्स को 10 मिनट के लिए भिगोकर रख दें। जब ये अच्छी तरह फूल जाएं, तो पानी छान लें और हाथों से दबाकर सारा एक्स्ट्रा पानी पूरी तरह निचोड़ लें। इसके बाद इन्हें मिक्सी में हल्का दरदरा पीस लें।
2. मिक्सचर तैयार करें
एक बड़े बाउल में दरदरा पिसा सोया, उबली मटर और उबली पालक डालें। मटर को कांटे या मैशर से हल्का दबा लें ताकि कटलेट बनाते समय बाइंडिंग अच्छी आए।
अब इसमें बारीक कटा प्याज, अदरक, हरी मिर्च, हरा धनिया और सभी सूखे मसाले मिलाएं। खटास के लिए नींबू का रस या अमचूर डालें।
3. टिक्की का आकार दें
मिश्रण में भुना बेसन या सत्तू डालकर अच्छी तरह मिला लें ताकि मिश्रण गीला न रहे। अब हाथों पर हल्का सा तेल लगाएं और इस मिक्सचर से मनपसंद आकार के छोटे-छोटे कटलेट या टिक्की बना लें।
4. कम तेल में सेकें
तवे या पैन में 1-2 चम्मच तेल गरम करें। तैयार कटलेट्स को मध्यम आंच पर दोनों तरफ से तब तक सेकें, जब तक कि वे सुनहरे और क्रिस्पी न हो जाएं।
गरमा-गरम सोया मटर कटलेट को पुदीने की हरी चटनी, टोमैटो सॉस या हनी मस्टर्ड डिप के साथ सर्व करें।




