Upcoming Cars in October : त्योहारी सीजन की शुरुआत के साथ ही भारतीय ऑटोमोबाइल बाजार में ग्राहकों को लुभाने की होड़ तेज हो गई है। अगर आप भी नवरात्रि या दिवाली के मौके पर गैराज में नई गाड़ी खड़ी करने की सोच रहे हैं, तो कुछ दिन का सब्र आपके लिए फायदे का सौदा साबित हो सकता है।
हैचबैक से लेकर प्रीमियम सेडान और स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड एसयूवी तक-कार निर्माता कंपनियां अक्टूबर में अपने पांच चर्चित मॉडल्स को नए तेवर और आधुनिक फीचर्स के साथ रोलआउट करने के लिए तैयार हैं।
कॉम्पैक्ट एसयूवी और क्रॉसओवर: एलिवेट से लेकर हुंडई बेयॉन तक
होंडा अपनी लोकप्रिय मिड-साइज एसयूवी (Compact SUV) एलिवेट का पहला बड़ा फेसलिफ्ट 6 अक्टूबर को पेश करने वाली है। पिछले साल लॉन्च हुई इस गाड़ी में इस बार बाहरी तौर पर स्लीक एलईडी हेडलाइट्स, नया फ्रंट ग्रिल और रिफ्रेश्ड अलॉय व्हील्स जोड़े जा रहे हैं। इंटीरियर में वेंटिलेटेड सीट्स और 360-डिग्री सराउंड व्यू कैमरा जैसे फीचर्स केबिन को पहले से ज्यादा प्रीमियम बनाएंगे।
हालांकि, इसके 1.5-लीटर i-VTEC पेट्रोल इंजन और ट्रांसमिशन में कोई बदलाव नहीं किया जा रहा है। इसका सीधा मुकाबला बाजार में हुंडई क्रेटा और किआ सेल्टॉस से बना रहेगा।
क्रॉसओवर सेगमेंट में हुंडई अपनी नई कार ‘बेयॉन’ के साथ बिल्कुल नया दांव चलने जा रही है। 4 मीटर से अधिक लंबाई वाली यह गाड़ी वेन्यू और क्रेटा के बीच खाली पड़े स्पेस को भरेगी। कंपनी ने इसके लिए 11,000 रुपये की टोकन मनी पर अनऑफिशियल बुकिंग्स लेनी शुरू कर दी हैं और इसे 12 अक्टूबर को लॉन्च किया जा सकता है।

कार में पैनोरमिक सनरूफ, कनेक्टेड टचस्क्रीन डिस्प्ले और लेवल-2 ADAS जैसे सेफ्टी फीचर्स मिलेंगे। सबसे दिलचस्प बात यह है कि इसमें 1.5-लीटर पेट्रोल इंजन के साथ फैक्ट्री-फिटेड सीएनजी किट का विकल्प भी शामिल किया जा रहा है।
माइलेज और परफॉर्मेंस: ग्लैंजा, डस्टर हाइब्रिड और वर्टस
14 अक्टूबर को टोयोटा अपनी प्रीमियम हैचबैक ग्लैंजा का नया फेसलिफ्ट मॉडल उतार सकती है। मारुति बलेनो पर आधारित इस कार में सबसे बड़ा यांत्रिक बदलाव नया 1.2-लीटर 3-सिलेंडर Z12E पेट्रोल इंजन होगा, जो मौजूदा 4-सिलेंडर K-सीरीज की तुलना में काफी बेहतर फ्यूल एफिशिएंसी देने का दावा करता है। इसके अलावा, टॉप ट्रिम्स में लेवल-2 ADAS और वेंटिलेटेड सीट्स मिलने की उम्मीद है, जिससे यह प्रीमियम हैचबैक सेगमेंट में टाटा अल्ट्रोज़ को कड़ी टक्कर देगी।
एसयूवी के शौकीनों के लिए 17 अक्टूबर की तारीख सबसे अहम मानी जा रही है, जब रेनॉल्ट की बहुप्रतीक्षित डस्टर नए अवतार में एंट्री लेगी। यह नई डस्टर 1.8-लीटर पेट्रोल इंजन, इलेक्ट्रिक मोटर और 1.4kWh बैटरी पैक वाले फुल हाइब्रिड सेटअप के साथ आएगी। कंपनी का दावा है कि शहर के भीतर यह कार लगभग 80 प्रतिशत समय केवल इलेक्ट्रिक मोड पर चल सकेगी। बाजार में इसका सीधा मुकाबला मारुति सुजुकी ग्रैंड विटारा और टोयोटा अर्बन क्रूजर हाइराइडर से होगा।
सेडान पसंद करने वाले खरीदारों के लिए फॉक्सवैगन अपनी लोकप्रिय वर्टस को कॉस्मेटिक और तकनीकी अपडेट्स के साथ पेश करने जा रही है। इसमें रीडिजाइन्ड बंपर्स, नया डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर और 360-डिग्री कैमरा दिया जाएगा। सबसे बड़ा तकनीकी बदलाव इसके 1.0-लीटर TSI इंजन में देखने को मिल सकता है, जहां पुराने 6-स्पीड गियरबॉक्स की जगह नया 8-स्पीड टॉर्क कन्वर्टर ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन शामिल किए जाने की चर्चा है।










