Kriti Sanon Birthday : बॉलीवुड में बिना किसी फिल्मी बैकग्राउंड के अपनी जगह बनाना आसान नहीं होता, लेकिन कृति सेनन ने अपने दम पर यह साबित कर दिखाया है।
27 जुलाई 1990 को नई दिल्ली में जन्मी कृति आज अपना जन्मदिन मना रही हैं। उन्होंने न सिर्फ अभिनय के मामले में अपनी पहचान बनाई, बल्कि अब वह एक सफल फिल्म निर्माता के रूप में भी सामने आ रही हैं।
दिल्ली के एक पढ़े-लिखे परिवार से ताल्लुक रखने वाली कृति के पिता राहुल सेनन सीए हैं और मां गीता सेनन दिल्ली यूनिवर्सिटी में प्रोफेसर हैं।
कृति ने खुद इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन में बीटेक की डिग्री हासिल की है। पढ़ाई के दौरान उन्हें कभी नहीं लगा था कि वह एक्टिंग के क्षेत्र में कदम रखेंगी।
बहन के खींचे फोटो से बदला करियर का रुख
कृति की अच्छी हाइट और पर्सनैलिटी को देखते हुए उनके दोस्तों ने उन्हें मॉडलिंग में हाथ आजमाने की सलाह दी थी। इसके बाद उनकी बहन नूपुर सेनन ने घर पर ही उनकी कुछ तस्वीरें खींचीं, जिन्हें कृति ने एक ऑनलाइन मॉडलिंग कॉन्टेस्ट में भेजा।
कृति उस कॉन्टेस्ट को जीतने में सफल रहीं। इसके बाद मशहूर फोटोग्राफर डब्बू रत्नानी के साथ पोर्टफोलियो शूट का मौका मिला और यहीं से उनके मॉडलिंग करियर की शुरुआत हुई।
साउथ सिनेमा से डेब्यू और फिर ‘हीरोपंती’
मॉडलिंग के बाद कृति ने अभिनय की तरफ रुख किया। साल 2014 में उन्होंने तेलुगु फिल्म ‘1: नेनोक्काडाइन’ से अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत की थी। इसी साल उन्हें बॉलीवुड में टाइगर श्रॉफ के साथ फिल्म ‘हीरोपंती’ में काम करने का मौका मिला।
पहली ही हिंदी फिल्म के लिए कृति को बेस्ट फीमेल डेब्यू का फिल्मफेयर अवॉर्ड मिला, जिसने उनके लिए बॉलीवुड के दरवाजे खोल दिए।
‘मिमी’ से मिला नेशनल अवॉर्ड, अब बतौर प्रोड्यूसर नई पारी
अपने 10 साल से ज्यादा के करियर में कृति ने हर तरह के किरदार निभाए हैं। ‘बरेली की बर्फी’, ‘दिलवाले’, ‘लुका छुपी’, ‘भेड़िया’, ‘क्रू’ और ‘तेरी बातों में ऐसा उलझा जिया’ जैसी फिल्मों में उनके काम को काफी पसंद किया गया।
फिल्म ‘मिमी’ में एक सरोगेट मदर के रोल के लिए उन्हें नेशनल फिल्म अवॉर्ड से भी नवाजा गया। इसके बाद कृति ने ओटीटी फिल्म ‘दो पत्ती’ से बतौर प्रोड्यूसर अपनी नई पारी शुरू की।
आज कृति सेनन सिर्फ एक सफल अभिनेत्री ही नहीं, बल्कि एक विजनरी फिल्म मेकर के रूप में भी पहचान बना चुकी हैं।















