MG Comet EV : नए साल में एमजी मोटर्स (MG Motors) की कार खरीदने का प्लान कर रहे ग्राहकों को झटका लगा है। कंपनी ने अपनी और देश की सबसे किफायती इलेक्ट्रिक कार ‘एमजी कॉमेट EV’ की कीमतों में इजाफा कर दिया है।
ये नई दरें 13 जनवरी से लागू हो चुकी हैं। अब इस कार को घर लाने के लिए आपको अपनी जेब 16,700 रुपये तक ज्यादा ढीली करनी होगी।
किस मॉडल पर कितना बढ़ा बोझ?
कंपनी ने वैरिएंट के हिसाब से अलग-अलग बढ़ोतरी की है। सबसे ज्यादा असर ‘एक्सक्लूसिव’ (Exclusive) वैरिएंट पर पड़ा है, जो अब 16,700 रुपये महंगा हो गया है। वहीं, ‘एग्जीक्यूटिव’ मॉडल की कीमत में 13,000 रुपये और ‘एक्साइट’ वैरिएंट में 16,000 रुपये का इजाफा हुआ है।
राहत की बात यह है कि FC मॉडल्स पर केवल 3,000 रुपये की मामूली बढ़ोतरी की गई है। इस बदलाव के बाद कॉमेट EV की शुरुआती कीमत 7.62 लाख रुपये हो गई है, जो पहले 7.49 लाख रुपये थी।
ब्लैकस्ट्रॉम FC वैरिएंट हुआ बंद
कीमतों में बदलाव के साथ ही एमजी ने अपने पोर्टफोलियो में कटौती भी की है। कंपनी ने कॉमेट EV के ‘ब्लैकस्ट्रॉम एफसी’ (Blackstorm FC) वैरिएंट को आधिकारिक तौर पर बंद (Discontinue) कर दिया है। अब यह मॉडल शोरूम पर बिक्री के लिए उपलब्ध नहीं होगा।
यहां देखें नई प्राइस लिस्ट (एक्स-शोरूम):
| वैरिएंट | पुरानी कीमत | नई कीमत | अंतर |
| Executive | ₹ 7,49,800 | ₹ 7,62,800 | +₹ 13,000 |
| Excite | ₹ 8,56,800 | ₹ 8,72,800 | +₹ 16,000 |
| Exclusive | ₹ 9,56,100 | ₹ 9,72,800 | +₹ 16,700 |
| Excite FC | ₹ 8,96,800 | ₹ 8,99,800 | +₹ 3,000 |
| Exclusive FC | ₹ 9,96,800 | ₹ 9,99,800 | +₹ 3,000 |
तंग गलियों के लिए खास डिजाइन
एमजी कॉमेट को खास तौर पर भीड़भाड़ वाले शहरों के लिए डिजाइन किया गया है। इसका टर्निंग रेडियस महज 4.2 मीटर है, जो इसे कम जगह में भी आसानी से मुड़ने में मदद करता है। डिजाइन के मामले में यह वूलिंग एयर EV जैसी दिखती है।
इसमें क्लोज्ड फ्रंट ग्रिल, फुल-विड्थ LED स्ट्रिप और 12 इंच के पहिये मिलते हैं। इसका इंटीरियर 10.25-इंच की दो स्क्रीन और वायरलेस कनेक्टिविटी जैसे फीचर्स से लैस है। यह कार चार रंगों- बे (नीला), सेरेनिटी (हरा), सनडाउनर (नारंगी) और फ्लेक्स (लाल) में उपलब्ध है।



















