Vitamin B12 Deficiency Symptoms : क्या आप भी उन लोगों में शामिल हैं, जिन्हें भारी कपड़े पहनने के बाद भी रजाई से निकलने का मन नहीं करता?
अगर आपके हाथ-पैर हमेशा ठंडे रहते हैं और आसपास बैठे लोगों के मुकाबले आपको ज्यादा कंपकंपी महसूस होती है, तो यह सिर्फ गिरते तापमान का असर नहीं है। यह आपके शरीर में पनप रही कुछ खास पोषक तत्वों की कमी का सीधा संकेत हो सकता है।
रेड ब्लड सेल्स और शरीर की गर्मी
विज्ञान के अनुसार, शरीर को गर्म रखने और तापमान बनाए रखने के लिए मेटाबॉलिज्म प्रोसेस का सही काम करना जरूरी है। इस प्रक्रिया के लिए टिश्यूज को पर्याप्त ऑक्सीजन की जरूरत होती है, जिसे रेड ब्लड सेल्स (RBC) पहुंचाते हैं।
जब शरीर में विटामिन्स की कमी होती है, तो इन रेड ब्लड सेल्स की संख्या घटने लगती है। नतीजा यह होता है कि शरीर के अंगों तक सही मात्रा में ऑक्सीजन नहीं पहुंच पाती और शरीर अपनी अंदरूनी गर्मी खोने लगता है।
विटामिन B12 और B9 का कनेक्शन
शरीर में विटामिन B12 की कमी होने पर ‘मेगालोब्लास्टिक एनीमिया’ की शिकायत हो सकती है। इस स्थिति में रेड ब्लड सेल्स की संख्या कम हो जाती है और उनका आकार सामान्य से काफी बढ़ जाता है। यह बदलाव शरीर को ठंड के प्रति बहुत ज्यादा संवेदनशील बना देता है।
इसी तरह, फोलेट जिसे विटामिन B9 भी कहा जाता है, शरीर के तापमान नियंत्रण में अहम भूमिका निभाता है। फोलेट मजबूत रेड ब्लड सेल्स के निर्माण के लिए जिम्मेदार है।
अगर शरीर में इसकी कमी हो जाए, तो वैसी ही स्थिति बन जाती है जैसी B12 की कमी में होती है और व्यक्ति को सामान्य मौसम में भी ज्यादा ठंड लगती है।
आयरन की कमी को न करें नजरअंदाज
सिर्फ विटामिन्स ही नहीं, आयरन की कमी भी ज्यादा ठंड लगने का एक बड़ा कारण है। यह समस्या खासतौर पर महिलाओं में काफी कॉमन है। हीमोग्लोबिन बनाने के लिए आयरन बेहद जरूरी है।
हीमोग्लोबिन ही वह प्रोटीन है जो ऑक्सीजन को बांधकर रखता है। अगर आयरन कम होगा, तो रेड ब्लड सेल्स ठीक से नहीं बन पाएंगे और ऑक्सीजन का प्रवाह बाधित होगा, जिससे आपको हर वक्त ठंड महसूस होगी।














