ताज़ा समाचार देश विदेश क्राइम बिज़नेस खेल मनोरंजन ऑटो गैजेट्स धर्म राशिफल आज का पंचांग
हेल्थ लाइफस्टाइल करियर ट्रेंडिंग फैक्ट चेक

देहरादून में खत्म होगा सबसे बड़ा बॉटलनेक, सीधे मियांवाला निकल जाएगा दिल्ली-सहारनपुर का ट्रैफिक

देहरादून के रिस्पना और जोगीवाला में लगने वाले भीषण जाम से निजात दिलाने के लिए एनएचएआई 13 किमी लंबे एलिवेटेड हाईवे का निर्माण करने जा रहा है। अजबपुर से मियांवाला तक बनने वाले इस 2000 करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट के लिए 15 से ज्यादा इलाकों में जमीन अधिग्रहण की कवायद शुरू हो गई है।

Published On: September 7, 2026 5:07 PM
Dehradun elevated highway project

HIGHLIGHTS

  • अजबपुर से मियांवाला के बीच 13 किलोमीटर लंबा नया एलिवेटेड हाईवे बनेगा।
  • करीब 2000 करोड़ रुपये की इस परियोजना की डीपीआर केंद्र को भेजी गई।
  • देहराखास, माजरा और अजबपुर कलां समेत 15 क्षेत्रों में भूमि अर्जन शुरू।
  • सहारनपुर और हरिद्वार का ट्रैफिक शहर में घुसे बिना सीधे बाईपास होगा।
  • ग्रामीणों के विरोध के कारण छिद्दरवाला फ्लाईओवर का निर्माण फिलहाल रोक दिया गया।

दून हॉराइज़न, देहरादून (07 सितंबर): राजधानी देहरादून के सबसे कुख्यात बॉटलनेक रिस्पना-जोगीवाला स्ट्रेच पर रोजाना रेंगने वाले हजारों मुसाफिरों के लिए बड़ी राहत की खबर है। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने आशारोड़ी से मियांवाला कॉरिडोर के तहत करीब 13 किलोमीटर लंबे एलिवेटेड हाईवे (Elevated Highway) के निर्माण की तैयारी तेज कर दी है।

यह भी पढ़ें : बाजपुर में लेवड़ा नदी का पानी घरों में घुसा, भड़के भाजपा नेता ने लोनिवि इंजीनियर के चेहरे पर पोती मिट्टी

करीब 2000 करोड़ रुपये की लागत वाली इस महापरियोजना की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट यानी डीपीआर (DPR) स्वीकृति के लिए केंद्र सरकार को भेज दी गई है। इसके साथ ही दून घाटी के 15 प्रमुख राजस्व क्षेत्रों में भूमि अर्जन की कानूनी प्रक्रिया भी औपचारिक रूप से शुरू कर दी गई है।

आशारोड़ी से मियांवाला, जानिए क्या है नया रूट प्लान

दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे से आने वाला भारी ट्रैफिक वर्तमान में आशारोड़ी पर आकर रुक जाता है। इसके आगे चार लेन की सड़क तो मौजूद है, लेकिन दोनों तरफ सघन बस्तियां और लगातार कट होने की वजह से गाड़ियां रेंगने लगती हैं। सहारनपुर और हरिद्वार की ओर से आने वाले वाहनों के कारण रिस्पना से जोगीवाला के बीच हालात सबसे ज्यादा खराब रहते हैं। पहले जोगीवाला से रिस्पना के बीच सामान्य फ्लाईओवर बनाने पर विचार हुआ था, लेकिन घनी आबादी और जमीन की अत्यधिक कमी के चलते वह योजना ठंडे बस्ते में चली गई।

अब तैयार किए गए नए खाके के तहत अजबपुर तक यह एलिवेटेड हाईवे पुरानी सड़क के ऊपर से गुजरेगा। इसके बाद यह लगभग चार किलोमीटर तक रेलवे ट्रैक के समानांतर मोहकमपुर होते हुए सीधे मियांवाला में जाकर मिलेगा। इससे हरिद्वार या ऋषिकेश जाने वाले वाहनों को शहर के भीतर दाखिल होने की कतई जरूरत नहीं पड़ेगी।

देहरादून के इन 15 इलाकों में जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया

एनएचएआई के उत्तराखंड प्रोजेक्ट डायरेक्टर सौरभ सिंह ने पुष्टि की है कि परियोजना के लिए जमीन अर्जन का काम शुरू कर दिया गया है। संबंधित भू-स्वामियों को तय सरकारी नियमों के तहत मुआवजा वितरण के बाद ही जमीनी स्तर पर निर्माण कार्य शुरू होगा।

भूमि अर्जन के दायरे में आने वाले प्रमुख क्षेत्र:

  • देहराखास, सेवला खुर्द, बद्रीपुर और ब्राह्मणवाला
  • माजरा, माजरीमाफी, मोहब्बेवाला और मोहकमपुर खुर्द
  • शाहनगर, चक शाहनगर, कारगी ग्रांट और तालुक देहरादून
  • अजबपुर कलां, अजबपुर खुर्द एवं चक अजबपुर खुर्द

विरोध के बाद छिद्दरवाला में काम रुका, रायवाला का निर्माण कुंभ बाद

देहरादून-हरिद्वार नेशनल हाईवे पर छिद्दरवाला में प्रस्तावित फ्लाईओवर का काम स्थानीय ग्रामीणों की तीखी आपत्तियों के बाद रोक दिया गया है। ग्रामीणों ने अंडरपास की बनावट और प्रस्तावित लोकेशन को लेकर तकनीकी खामियां गिनाई थीं। फिलहाल यहां मुख्य मार्ग का ट्रैफिक डायवर्ट कर सर्विस लेन से चलाया जा रहा है।

यह भी पढ़ें : सिर्फ सड़कें नहीं, आने वाली पीढ़ी मांगेगी साफ हवा-पानी का हिसाब; दून विवि में बोले सीएम

अधिकारियों का कहना है कि चौराहे की ट्रैफिक लाइटें ठीक कर एक-दो दिन में हाईवे पर सीधा ट्रैफिक बहाल किया जाएगा। ग्रामीणों की आपत्तियों का निस्तारण होने के बाद ही छिद्दरवाला में दोबारा निर्माण शुरू होगा। वहीं रायवाला में 550 मीटर लंबे प्रस्तावित फ्लाईओवर का काम आगामी महाकुंभ के आयोजन के बाद ही धरातल पर उतरेगा।

Advertisement

Harpreet Singh

हरप्रीत सिंह पिछले 10 वर्षों से 'दून हॉराइज़न' के साथ जुड़े हुए हैं. पत्रकारिता के क्षेत्र में एक दशक का अनुभव रखने वाले हरप्रीत की उत्तराखंड और अन्य राज्यों की खबरों पर गहरी पकड़ है. उन्होंने अपनी उच्च शिक्षा में उत्तराखंड तकनीकी विश्वविद्यालय से एमबीए (MBA) की डिग्री हासिल की है. इसके अलावा, उन्होंने भारतीय विद्या भवन, मुंबई से पब्लिक रिलेशंस (जनसंपर्क) में पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा भी पूरा किया है. अपने अनुभव और शिक्षा के माध्यम से वे पाठकों तक सटीक और विश्लेषणात्मक खबरें पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं.

Leave a Comment