हल्द्वानी, 12 जुलाई 2026 (दून हॉराइज़न)।
Haldwani Road Accident : हल्द्वानी के तीनपानी-गौलापार बाईपास फ्लाईओवर पर शनिवार रात लालकुआं की दिशा से आ रही एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने चार दोस्तों को रौंद दिया। हादसे में तीन युवकों की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। एक युवक ने देर रात सुशीला तिवारी अस्पताल के आईसीयू में दम तोड़ दिया।
पुलिस को रात करीब 10 बजे फ्लाईओवर पर हादसे की सूचना मिली। मौके पर पुलिस टीम पहुंची तो सड़क पर चार युवक घायल अवस्था में पड़े थे। उनके पास ही एक स्कूटी गिरी हुई थी।
मृतकों की पहचान 17 वर्षीय राहुल राजपूत पुत्र किशन पाल निवासी गोरापड़ाव हाथीखाल और 25 वर्षीय शिवम पुत्र बाबूराम निवासी गोरापड़ाव के रूप में हुई है। 20 वर्षीय अंशु आर्य पुत्र पंकज आर्य निवासी बेरीपड़ाव और 18 वर्षीय आदित्य टम्टा निवासी गोरापड़ाव ने भी जान गंवाई है।
पुलिस चारों घायलों को डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल (एसटीएच) लेकर पहुंची। डॉक्टरों ने राहुल, शिवम और अंशु को मृत घोषित कर दिया। आदित्य को गंभीर हालत में आईसीयू में भर्ती किया गया। रात करीब एक बजे आदित्य की भी मौत हो गई।
एसपी सिटी मनोज कत्याल ने घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने स्कॉर्पियो में सवार दो लोगों को हिरासत में लिया है। उनसे लगातार पूछताछ की जा रही है। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो के पहिये गाड़ी से अलग हो गए।
सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी और एसपी सिटी मनोज कत्याल ने एसटीएच पहुंचकर घटना का जायजा लिया। सिटी मजिस्ट्रेट ने एनएचएआई से इलाके की सीसीटीवी फुटेज तलब की है। सीओ अमित कुमार सैनी पुलिस टीम के साथ जांच कर रहे हैं। रात 10 बजे चारों युवक स्कूटी लेकर फ्लाईओवर पर क्या कर रहे थे, पुलिस इसके कारणों की पड़ताल कर रही है।
हादसे का शिकार हुआ 18 वर्षीय आदित्य टम्टा कालाढूंगी थाने में तैनात सब-इंस्पेक्टर महेन्द्र प्रसाद के चचेरे भाई का बेटा था। घटना की सूचना मिलते ही महेन्द्र प्रसाद तुरंत एसटीएच पहुंच गए।
25 वर्षीय शिवम रात 9:30 बजे घर से निकला था। मां सरबती ने उसे खाना खाने के लिए टोका था। शिवम ने मुस्कुराते हुए अपनी मां से कहा था कि दोस्त बुला रहे हैं और वह एक घंटे में लौटकर खाना खाएगा।
शिवम पेशे से पेंटर का काम करता था। एक घंटे बाद घर में उसकी मौत की खबर पहुंची। पिता बाबूराम बदहवास स्थिति में हैं। मां सरबती बेटे के लिए परोसी गई खाने की थाली को देखकर लगातार रो रही हैं।
लालकुआं-काठगोदाम राजमार्ग-109 (बरेली रोड) हादसों का मुख्य केंद्र बन चुका है। भारी वाहनों का अत्यधिक दबाव, अनियंत्रित गति, सड़क के गड्ढे और पर्याप्त डिवाइडर व क्रॉसिंग की कमी दुर्घटनाओं का कारण बन रहे हैं। प्रशासन ने यहां कोई ठोस सुरक्षा इंतजाम नहीं किए हैं।
01 जनवरी 2024 को इस मार्ग पर ट्रक की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौत हुई थी। 03 दिसंबर 2024 को कार और ट्रक की भिड़ंत में दो युवकों ने जान गंवाई। 14 जुलाई 2025 को हल्दूचौड़-लालकुआं हाईवे पर व्यापारी दीपक जोशी की सड़क दुर्घटना में मौत हुई।
28 अगस्त 2025 को स्कूल बस पलटने से करीब 12 छात्र घायल हुए। 17 जनवरी 2026 को ट्रांसपोर्ट नगर में ट्रक की चपेट में आने से एक दंपति की मौत हुई।
28 फरवरी 2026 को बेरीपड़ाव स्थित अष्टादश भुजा महालक्ष्मी मंदिर के सामने कार्तिक कांडपाल की सड़क हादसे में मौत हुई। 03 जुलाई 2026 को गोरापड़ाव क्षेत्र में रॉन्ग साइड आ रहे ट्रक की टक्कर में छात्र सिद्धार्थ की मौत हुई।
यह भी पढ़ें : बदरीनाथ मंदिर में एक-दो बार नहीं, कई बार हुई दान की चोरी! जांच रिपोर्ट में हुआ बड़ा खुलासा













