Nag Panchmi Special Milk Cake : त्योहारों के मौसम में भगवान के भोग और घर आए मेहमानों के लिए बाजार से मिठाई लाने के बजाय घर पर बनी शुद्ध मिठाई का अलग ही महत्व होता है।
कई बार मिलावट के डर से लोग बाहर की मिठाइयां लेने से बचते हैं। ऐसे में अगर आप बिना किसी झंझट के कुछ मीठा बनाना चाहते हैं, तो दानेदार मिल्क केक एक बेहतरीन विकल्प है।
सामग्री
- फुल फैट दूध: 1 से 1.5 लीटर
- चीनी: 1 कप (स्वादानुसार)
- नींबू का रस: 2 से 3 बूंदें
- देसी घी: 1 छोटा चम्मच
बनाने की सही विधि
1. दूध को गाढ़ा करें
सबसे पहले एक भारी तली वाली कड़ाही में दूध डालकर तेज आंच पर उबाल लें। जब दूध में अच्छा उबाल आ जाए, तो गैस की आंच धीमी कर दें और इसे 5 मिनट तक पकने दें। भारी तली का बर्तन इस्तेमाल करने से दूध नीचे चिपकेगा नहीं।
2. चीनी और नींबू का रस मिलाएं
अब दूध में एक कप चीनी डालें। चीनी डालने के तुरंत बाद नींबू के रस की 2-3 बूंदें टपकाएं। ध्यान रखें कि रस बहुत कम डालना है, ताकि दूध फटे नहीं बल्कि उसमें हलवाई जैसा बारीक दाना बन जाए। इसे लगातार धीमी आंच पर चलाते रहें।
3. देसी घी से लाएं रिच फ्लेवर
जब दूध पकते-पकते आधा रह जाए और गाढ़ा होने लगे, तब इसमें एक चम्मच देसी घी मिला दें। घी डालने से मिठाई में बढ़िया खुशबू और चमक आती है। अब मिश्रण को लगातार चलाते रहें ताकि यह तली में न लगे।
4. मिश्रण को सेट करें
जब मिश्रण पूरी तरह गाढ़ा होकर कड़ाही के किनारे छोड़ने लगे, तो गैस बंद कर दें। अब इस गर्म मिश्रण को तुरंत किसी स्टील के गहरे डिब्बे या कंटेनर में डालकर ढक्कन बंद कर दें।

5. ठंडा होने के बाद काटें
डिब्बे को 5 से 6 घंटे के लिए किसी गर्म जगह पर रख दें। अपनी ही भाप और गर्मी में पकने से मिल्क केक के अंदर हलवाई जैसा नेचुरल गोल्डन-ब्राउन कलर आ जाता है। अच्छी तरह सेट होने के बाद इसे चौकोर टुकड़ों में काट लें।
काम के टिप्स
- दूध हमेशा फुल क्रीम ही लें, टोंड दूध से दाना और टेक्सचर सही नहीं बनता।
- नींबू का रस ज्यादा न डालें, नहीं तो दूध फटकर छेना बन जाएगा।
- डिब्बे को तुरंत ढककर रखना जरूरी है, इसी से मिठाई के अंदर गहरा रंग आता है।











