Rithik Roshan Saba Azad Breakup : बॉलीवुड एक्टर ऋतिक रोशन और म्यूजिशियन-एक्ट्रेस सबा आजाद लंबे समय से एक-दूसरे को डेट कर रहे हैं।
दोनों अक्सर इवेंट्स और सोशल मीडिया पर साथ नजर आते हैं। हालांकि, पिछले कुछ दिनों से इंटरनेट पर इनके अलग होने की अटकलें लगाई जा रही हैं।
इस चर्चा को हवा दी है एक स्क्रीनशॉट ने, जो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर तेजी से शेयर किया जा रहा है।
वायरल स्क्रीनशॉट से शुरू हुआ विवाद
रेडिट और इंस्टाग्राम पर ‘राया’ (Raya) नाम के एक प्राइवेट डेटिंग ऐप का कथित स्क्रीनशॉट सामने आया है। इस प्रोफाइल पर ऋतिक रोशन की तस्वीर, उम्र और उनकी आधिकारिक इंस्टाग्राम आईडी की जानकारी दर्ज है।
बायो में उन्हें मुंबई स्थित एक्टर, प्रोड्यूसर और आंत्रप्रेन्योर बताया गया है।
इस स्क्रीनशॉट के सामने आते ही कई सोशल मीडिया यूजर्स यह दावा करने लगे कि ऋतिक अब सिंगल हैं और नए पार्टनर की तलाश कर रहे हैं।
क्या है वायरल प्रोफाइल की सच्चाई?
राया एक ऐसा सेलिब्रिटी डेटिंग प्लेटफॉर्म है जहां प्रोफाइल वेरिफिकेशन काफी कड़ा होता है। इसके बावजूद, वायरल हो रहे इस स्क्रीनशॉट की आधिकारिक तौर पर कोई पुष्टि नहीं हुई है।
यह साफ नहीं है कि यह अकाउंट वाकई ऋतिक रोशन का है, या फिर किसी ने पुरानी प्रोफाइल का स्क्रीनशॉट शेयर किया है, या फिर यह पूरी तरह फेक है। ऋतिक या सबा की टीम की तरफ से इस पर कोई बयान सामने नहीं आया है।
कंगना रनौत के बयान से भी जुड़ी चर्चा
इस पूरे घटनाक्रम के बीच कुछ यूजर्स हाल ही में आए कंगना रनौत के बयान को भी इससे जोड़कर देख रहे हैं।
कंगना ने सोशल मीडिया पर दोनों के रिश्ते का जिक्र करते हुए लिखा था कि ऋतिक को सबा के रूप में एक अच्छा पार्टनर मिल गया है और दोनों साथ में अच्छे लगते हैं। कंगना ने अपनी पोस्ट में ऑनलाइन ट्रोलिंग रोकने की बात भी कही थी।
फिलहाल बिना किसी आधिकारिक बयान के इन दावों को सिर्फ सोशल मीडिया की अफवाह ही माना जा सकता है।
दोनों के फैंस इस मामले पर एक्टर की ओर से स्पष्टता का इंतजार कर रहे हैं।















