Lucknow Police Checking : लखनऊ कमिश्नरेट पुलिस ने कानून-व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त रखने और ‘नो हेलमेट-नो पेट्रोल’ अभियान को धरातल पर उतारने के लिए 8 जनवरी 2026 को एक बड़ा कदम उठाया।
पुलिस आयुक्त अमरेंद्र कुमार सेंगर के निर्देश पर शहर के सभी जोनों में एक साथ पेट्रोल पंपों और उनके आसपास विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। इसका सीधा मकसद संदिग्ध गतिविधियों पर लगाम लगाना और दोपहिया चालकों को हेलमेट के लिए अनुशासित करना था।
दो चरणों में चला सघन अभियान
संयुक्त पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) की निगरानी में यह कार्रवाई दो अलग-अलग समय पर हुई। पुलिस टीमों ने दोपहर 3 बजे से 4 बजे तक और फिर शाम 7 बजे से 8 बजे तक मोर्चा संभाला। इस दौरान सभी थाना प्रभारी, चौकी इंचार्ज और क्रिटिकल कॉरिडोर की टीमें सड़कों पर मुस्तैद रहीं। पुलिस ने कुल 246 पेट्रोल पंपों और संवेदनशील स्थानों को कवर किया।
180 वाहनों का चालान, सुरक्षा मानकों की भी परख
अभियान केवल चालान काटने तक सीमित नहीं था। पुलिस ने पेट्रोल पंपों पर पहुंचकर वहां मौजूद सुरक्षा इंतजामों का भी ‘ऑडिट’ किया। अधिकारियों ने चेक किया कि आग बुझाने वाले सिलेंडर, बालू, पानी और इमरजेंसी स्विच काम कर रहे हैं या नहीं।
जहां कमियां मिलीं, वहां पंप संचालकों और कर्मचारियों को सख्त हिदायत दी गई कि वे भविष्य में इन मानकों का कड़ाई से पालन करें। इसके अलावा, पंप के आसपास वेल्डिंग की दुकानों और गैस सिलेंडरों की भी जांच की गई ताकि किसी बड़े हादसे को टाला जा सके।
इस दौरान कुल 2936 व्यक्तियों का सत्यापन किया गया और यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले 180 वाहनों के चालान काटे गए। पुलिस ने बिना हेलमेट तेल भरवाने आए लोगों को जागरूक भी किया और वैधानिक कार्रवाई भी की।
जोनवार कार्रवाई का ब्यौरा
पूरे शहर में पुलिस का यह जाल बिछा हुआ था। जोनवार आंकड़ों पर नजर डालें तो:
- पश्चिमी जोन: सर्वाधिक 39 स्थानों पर 791 लोगों की जांच हुई।
- उत्तरी जोन: 60 स्थानों पर 544 लोगों को चेक किया गया।
- दक्षिणी जोन: 73 स्थानों पर 493 व्यक्तियों की जांच की गई।
- पूर्वी जोन: 43 स्थानों पर 483 लोगों का सत्यापन हुआ।
- मध्य जोन: 31 स्थानों पर 75 लोगों की जांच की गई।
लखनऊ पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट जरूर पहनें और पेट्रोल पंपों पर बेवजह भीड़ न लगाएं। पुलिस ने साफ किया है कि जनसुरक्षा के लिए ऐसे सरप्राइज अभियान आगे भी जारी रहेंगे।
UP Crime : मेरठ की घटना पर भड़के Akhilesh Yadav, बोले – मां पर हमला और बेटी को उठा ले गए



















