WagonR CNG : देश के ऑटोमोबाइल मार्केट में मारुति वैगनआर (Maruti WagonR) का जादू एक बार फिर सिर चढ़कर बोला है। लॉन्चिंग से अब तक यह लोकप्रिय हैचबैक भारत के 34 लाख से ज्यादा घरों का हिस्सा बन चुकी है।
बिक्री के ताजा आंकड़े बताते हैं कि वैगनआर हैचबैक सेगमेंट में ज्यादातर महीनों में नंबर-1 रही है। कैलेंडर ईयर 2025 में इस कार ने कुल 1,94,238 यूनिट्स की बिक्री दर्ज की है। यह आंकड़ा साल 2024 में बिकी 1,90,855 यूनिट्स के मुकाबले 3,383 ज्यादा है, जिससे इसे सालाना आधार पर 1.77% की ग्रोथ मिली है।
CNG मॉडल का जबरदस्त क्रेज
वैगनआर की सफलता में इसके CNG वेरिएंट का बहुत बड़ा हाथ है। सस्ती ड्राइविंग लागत चाहने वाले ग्राहकों के बीच इसकी मांग तेजी से बढ़ी है। आंकड़ों पर गौर करें तो हैचबैक सेगमेंट में वित्त वर्ष 2025 (FY2025) के दौरान अकेले वैगनआर CNG की 1,02,128 यूनिट्स बिकी हैं।
कमर्शियल इस्तेमाल के लिए भी यह गाड़ी पहली पसंद बनकर उभरी है। स्विफ्ट के साथ मिलकर वैगनआर ने टॉप-10 लिस्ट में अपनी मजबूत जगह बनाई हुई है। इस कार की शुरूआती एक्स-शोरूम कीमत 4,98,900 रुपये है।
इंजन और माइलेज का पूरा गणित
मारुति ने इस कार में दो इंजन विकल्प दिए हैं। इसमें डुअलजेट डुअल VVT टेक्नोलॉजी के साथ 1.0-लीटर तीन-सिलेंडर पेट्रोल और 1.2-लीटर चार-सिलेंडर पेट्रोल इंजन मिलता है।
- 1.0-लीटर इंजन: कंपनी 25.19 kmpl माइलेज का दावा करती है।
- CNG वेरिएंट: LXI और VXI ट्रिम्स में उपलब्ध CNG मॉडल 34.05 किमी/किग्रा का शानदार माइलेज देता है।
- 1.2-लीटर इंजन: ZXI और ZXI+ ट्रिम्स में यह इंजन 24.43 kmpl की फ्यूल इफिसिएंसी देता है।
सेफ्टी और हाई-टेक फीचर्स
फीचर्स के मामले में भी यह कार काफी अपडेटेड है। इसमें नेविगेशन के साथ 9-इंच का स्मार्टप्ले स्टूडियो टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम और क्लाउड-बेस्ड सर्विसेज मिलती हैं। म्यूजिक के लिए 4 स्पीकर और स्टीयरिंग माउंटेड कंट्रोल्स दिए गए हैं।
सेफ्टी के लिहाज से इसमें 6 एयरबैग, EBD के साथ ABS, रिवर्स पार्किंग सेंसर और हिल-होल्ड असिस्ट (AMT में) जैसी सुविधाएं मौजूद हैं। ड्राइवर के लिए सेमी-डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर भी इसमें शामिल है।



















