Hyundai Creta Electric : हुंडई इंडिया ने अपनी लोकप्रिय एसयूवी क्रेटा के इलेक्ट्रिक वर्जन (Creta EV) को नए सॉफ्टवेयर अपडेट के साथ और भी दमदार बना दिया है। कंपनी ने इस इलेक्ट्रिक कार की सबसे बड़ी बाधा यानी चार्जिंग समय को कम करने के लिए इसकी चार्जिंग क्षमता को दोगुना कर दिया है।
अब क्रेटा इलेक्ट्रिक के मालिक 100kW के हाई-स्पीड DC फास्ट चार्जर्स का इस्तेमाल कर सकेंगे, जिससे पब्लिक चार्जिंग स्टेशनों पर लगने वाला समय काफी कम हो जाएगा।
चार्जिंग में 19 मिनट की बचत
पहले क्रेटा इलेक्ट्रिक अधिकतम 50kW DC फास्ट चार्जिंग को ही सपोर्ट करती थी, जिसके कारण इसकी बैटरी को 10% से 80% तक चार्ज होने में लगभग 58 मिनट का समय लगता था।
नए अपडेट के बाद, यही चार्जिंग प्रक्रिया अब महज 39 मिनट में पूरी हो जाएगी। यह अपडेट उन ग्राहकों के लिए बड़ी राहत लेकर आया है जो अपनी ईवी के साथ लंबी दूरी की यात्रा करना पसंद करते हैं।
घर बैठे मिलेगा नया अपडेट
हुंडई ने स्पष्ट किया है कि इस क्षमता को बढ़ाने के लिए कार में किसी भी तरह का नया हार्डवेयर या पुर्जा नहीं बदला गया है। यह पूरी तरह से एक सॉफ्टवेयर आधारित सुधार है, जिसे ओवर-द-एयर (OTA) तकनीक के जरिए रोलआउट किया जा रहा है। इसका मतलब है कि मौजूदा क्रेटा इलेक्ट्रिक मालिकों को इस नए फीचर के लिए सर्विस सेंटर जाने की आवश्यकता नहीं होगी और उनकी कार घर खड़े-खड़े ही अपग्रेड हो जाएगी।
वेरिएंट और रेंज के विकल्प
क्रेटा इलेक्ट्रिक बाजार में चार मुख्य वेरिएंट्स—एग्जीक्यूटिव, स्मार्ट, प्रीमियम और एक्सीलेंस में उपलब्ध है। इसमें ग्राहकों को दो बैटरी पैक के विकल्प मिलते हैं, जिसमें 42kWh बैटरी 420 किमी और 51.4kWh बैटरी 510 किमी की रेंज देती है। गाड़ी में ADAS, 360-डिग्री कैमरा और पैनोरमिक सनरूफ जैसे प्रीमियम फीचर्स के साथ-साथ व्हीकल-टू-लोड (V2V) तकनीक भी दी गई है, जिससे एक ईवी से दूसरी ईवी को चार्ज किया जा सकता है।



















