Skoda Slavia : स्कोडा ऑटो इंडिया ने फरवरी महीने की शुरुआत के साथ ही अपनी प्रीमियम सेडान स्लाविया की कीमतों में संशोधन कर दिया है। स्कोडा कायलाक के बाद अब स्लाविया के दाम बढ़ने से ग्राहकों पर सीधा असर पड़ेगा। हालांकि कंपनी ने राहत देते हुए यह साफ किया है कि यह बढ़ोतरी सभी वैरिएंट्स पर एक समान लागू नहीं होगी।
इन वैरिएंट्स पर पड़ा सबसे ज्यादा असर
कीमतों में वृद्धि का सबसे बड़ा असर स्लाविया के ‘मोंटे कार्लो’ और ‘प्रेस्टीज’ ट्रिम्स पर देखा गया है। स्लाविया मोंटे कार्लो 1.0 AT खरीदने वाले ग्राहकों को अब 33,690 रुपये अतिरिक्त चुकाने होंगे। वहीं इसके 1.5 DSG वर्जन में 29,207 रुपये की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। प्रेस्टीज 1.0 AT और स्पोर्टलाइन 1.5 DSG की कीमतों में भी क्रमशः 27,690 और 25,897 रुपये का इजाफा हुआ है।
बजट खरीदारों को थोड़ी राहत
मिड-रेंज वैरिएंट्स की बात करें तो सिग्नेचर और स्पोर्टलाइन 1.0 के दामों में करीब 16,586 रुपये की वृद्धि हुई है। अच्छी बात यह है कि स्कोडा ने अपने बेस मॉडल ‘क्लैसिव 1.0 MT’ की कीमतों में कोई छेड़छाड़ नहीं की है। इससे कम बजट वाले खरीदारों के लिए कार अभी भी पुरानी कीमत पर ही उपलब्ध रहेगी।
दमदार इंजन और नई कीमतें
ताजा संशोधन के बाद स्कोडा स्लाविया की एक्स-शोरूम कीमत अब 10 लाख रुपये से शुरू होकर 17.99 लाख रुपये तक जाती है। यह कार दो पावरफुल पेट्रोल इंजन विकल्पों के साथ आती है जिसमें 1.0-लीटर और 1.5-लीटर TSI इंजन शामिल हैं। ट्रांसमिशन के लिए इसमें 6-स्पीड मैनुअल से लेकर हाई-टेक 7-स्पीड DSG गियरबॉक्स तक के विकल्प मिलते हैं।



















