Honda Shine vs Activa : होंडा मोटरसाइकिल एंड स्कूटर इंडिया (HMSI) के लिए साल 2025 का अंत मिला-जुला रहा। कंपनी ने दिसंबर 2025 में 3,92,306 टू-व्हीलर्स की घरेलू बिक्री की है। पिछले साल दिसंबर 2024 के मुकाबले कंपनी ने 44.81% की सालाना (YoY) ग्रोथ दर्ज की, लेकिन नवंबर 2025 की तुलना में बिक्री 26.61% गिर गई।
एक्टिवा और शाइन का दबदबा
होंडा एक्टिवा एक बार फिर कंपनी के लिए सबसे बड़ा वॉल्यूम ड्राइवर साबित हुआ। दिसंबर में एक्टिवा की 1,81,604 यूनिट्स बिकीं, जो कुल बिक्री का लगभग आधा हिस्सा है। एक्टिवा ने सालाना आधार पर 50% से अधिक की बढ़त हासिल की है, जिससे स्कूटर सेगमेंट में इसकी पकड़ और मजबूत हुई है।
शाइन फैमिली ने भी बाजार में अपनी चमक बरकरार रखी है। शाइन 125 और SP125 की कुल 1,25,266 यूनिट्स बाजार में उतरीं। हालांकि नवंबर के मुकाबले इसकी मांग में 18% की कमी आई, लेकिन सालाना आधार पर इसने 36.36% की सम्मानजनक वृद्धि दिखाई है।
यूनिकॉर्न की रफ्तार बरकरार
हैरानी की बात यह है कि जहां अधिकांश मॉडल्स की बिक्री नवंबर के मुकाबले घटी, वहीं यूनिकॉर्न ने अपनी रफ्तार बनाए रखी। होंडा यूनिकॉर्न ने दिसंबर में 33,640 यूनिट्स बेचीं। यह नवंबर के मुकाबले 2.04% की मामूली बढ़त है, जो इस बाइक की वफादार ग्राहक श्रेणी को दर्शाती है।
प्रीमियम और कम्यूटर सेगमेंट का हाल
प्रीमियम सेगमेंट में CB350 ने 138.14% की छलांग लगाकर सबको चौंका दिया। कंपनी ने इसकी 2,560 यूनिट्स बेचीं, जबकि CB200X ने भी 61% की सालाना ग्रोथ हासिल की। दूसरी तरफ, हॉर्नेट 2.0 और H’ness 350 जैसे मॉडल्स की मांग में कमी देखी गई है।
100cc सेगमेंट में शाइन 100 ने 82.04% की सालाना ग्रोथ के साथ 16,336 यूनिट्स की बिक्री की। हालांकि, इलेक्ट्रिक सेगमेंट में कंपनी अभी शुरुआत कर रही है, जहां एक्टिवा ई (Activa e) की केवल 20 यूनिट्स ही बिक सकीं। ड्रीम और CB300 जैसे मॉडल्स का खाता इस महीने नहीं खुल पाया।



















