Gujarati Khandvi Recipe : गुजराती खान-पान अपनी हल्की और चटपटी डिशेज के लिए जाना जाता है। ढोकला और थेपला की तरह ही खांडवी भी हर किसी की पसंदीदा डिश है।
यह स्वाद में जितनी बढ़िया लगती है, पचने में उतनी ही हल्की होती है। बहुत कम तेल में बनने के कारण यह नाश्ते और शाम की चाय के लिए एक बेहतरीन विकल्प है।
अक्सर लोगों की शिकायत होती है कि घर पर खांडवी बनाते समय या तो बैटर कच्चा रह जाता है या फिर रोल करते समय पट्टियां फटने लगती हैं।

सही तरीके और सही नाप से बनाई जाए तो खांडवी पहली बार में ही एकदम परफेक्ट बनती है।
खांडवी बनाने के लिए जरूरी सामग्री
- बेसन: 1 कप (लगभग 100 ग्राम, छना हुआ)
- दही: 1 कप (हल्का खट्टा और अच्छी तरह फेंटा हुआ)
- पानी: 2 कप
- अदरक-हरी मिर्च का पेस्ट: 1 छोटा चम्मच
- हल्दी पाउडर: 1/4 छोटा चम्मच
- नमक: स्वादानुसार
- कद्दूकस किया ताजा नारियल: 2 बड़े चम्मच (गार्निशिंग के लिए)
- बारीक कटा हरा धनिया: 2 बड़े चम्मच
तड़के के लिए सामग्री

- तेल: 1 बड़ा चम्मच
- राई (सरसों के दाने): 1 छोटा चम्मच
- सफेद तिल: 1 छोटा चम्मच (ऐच्छिक)
- कढ़ी पत्ता: 8-10 पत्ते
- हरी मिर्च: 2 (लंबाई में कटी हुई)
- हींग: एक चुटकी
खांडवी का घोल तैयार करने का तरीका
सबसे पहले एक गहरे बर्तन में छना हुआ बेसन और फेंटा हुआ दही डालें। दोनों को व्हिस्क की मदद से अच्छी तरह मिला लें ताकि कोई गांठ न रहे।
अब इसमें दो कप पानी, हल्दी, अदरक-हरी मिर्च का पेस्ट और नमक डालकर एकदम पतला और चिकना घोल तैयार कर लें।
बेहतर होगा कि इस घोल को एक बार छलनी से छान लें, जिससे बैटर में किसी भी तरह की गुठली न बचे।
पकाने और रोल करने के स्टेप्स
अब इस घोल को एक भारी तले की कड़ाही या नॉन-स्टिक पैन में डालें। गैस को मध्यम आंच पर रखें और घोल को करछी से लगातार चलाते रहें।
इसे छोड़ना नहीं है, नहीं तो तली में गांठें पड़ने लगेंगी। 8 से 10 मिनट में बैटर गाढ़ा और चमकदार होने लगेगा।
जब बैटर करछी से आसानी से न गिरे और भारी हो जाए, तो गैस बंद कर दें। अब बिना देर किए थाली या बड़ी ट्रे के पीछे हल्का सा तेल लगाएं।
गरम बैटर को कलछी से थाली पर रखें और स्पैटुला या कटोरी की मदद से बहुत पतला फैला दें।

इसे 8-10 मिनट तक पंखे की हवा में सूखने दें। जब परत सेट हो जाए, तो चाकू की मदद से 2-2 इंच चौड़ी लंबी पट्टियां काटें।
अब हर पट्टी को किनारों से हल्के हाथों से पकड़कर रोल करते जाएं। सारे रोल तैयार करके एक प्लेट में सजा लें।
तड़का लगाने की विधि
- एक छोटे पैन में तेल गरम करें। इसमें हींग, राई, सफेद तिल, कढ़ी पत्ता और कटी हुई हरी मिर्च डालकर चटकने दें।
- इस गरमा-गरम तड़के को चम्मच से सभी खांडवी रोल के ऊपर बराबर फैलाएं।
- ऊपर से कद्दूकस किया हुआ ताजा नारियल और बारीक कटा हरा धनिया डालकर गार्निश करें।
आपकी सॉफ्ट और टेस्टी गुजराती खांडवी तैयार है। इसे हरी चटनी के साथ सुबह के नाश्ते या शाम के स्नैक्स में परोसें।












