Soft Roti Tips : भारतीय किचन में रोटी लगभग हर वक्त के खाने का सबसे अहम हिस्सा होती है। गरमा-गरम फूली हुई और नरम रोटियां मिल जाएं तो खाने का स्वाद दोगुना हो जाता है।
लेकिन कई बार रोटियां बनते ही या टिफिन में रखने के थोड़ी देर बाद सख्त हो जाती हैं। अक्सर हम सोचते हैं कि शायद आटे की क्वालिटी सही नहीं है, जबकि असल वजह आटा गूंथने की तकनीक और छोटी-छोटी गलतियां होती हैं।
अगर आटा सही तरीके से न गूंथा जाए, तो चाहे आप कितनी भी कोशिश कर लें, रोटियां कड़क ही बनेंगी। वहीं, सही नमी और रेस्ट के साथ तैयार किया गया आटा रोटियों को लंबे समय तक सॉफ्ट बनाए रखता है।
आइए जानते हैं कि आटा गूंथते समय किन आसान तरीकों को अपनाना चाहिए।
आटा गूंथते समय ध्यान रखें ये 5 जरूरी ट्रिक्स
एक साथ पानी डालने से बचें
आटा गूंथते समय हमेशा थोड़ा-थोड़ा करके पानी मिलाएं। एक साथ ज्यादा पानी डालने से आटा या तो जरूरत से ज्यादा गीला हो जाता है या उसमें गांठें रह जाती हैं।
धीरे-धीरे पानी मिलाने से आटे में नमी समान रूप से फैलती है, जिससे रोटियां बेलते वक्त फटती नहीं हैं और बेहद नरम बनती हैं।
आटे को 8 से 10 मिनट तक अच्छी तरह मलें
जल्दबाजी में आटा गूंथकर तुरंत रोटी बनाना सबसे बड़ी गलती है। आटे को कम से कम 8 से 10 मिनट तक हथेलियों की मदद से अच्छी तरह गूंथें।
इससे आटे का ग्लूटेन सही तरीके से एक्टिवेट होता है, जिससे आटा चिकना हो जाता है और रोटियां अच्छी तरह फूलती हैं।
थोड़ा सा तेल या घी जरूर मिलाएं
आटा गूंथते समय उसमें एक छोटा चम्मच तेल या देसी घी मिला दें। यह आटे की नमी को लॉक कर देता है। घी या तेल मिला आटा जल्दी सूखता नहीं है और सेंकने के बाद भी रोटियां काफी देर तक सॉफ्ट बनी रहती हैं।
गूंथने के बाद 20 मिनट का रेस्ट दें
आटा तैयार होने के तुरंत बाद रोटियां न बनाएं। गूंथे हुए आटे को किसी सूती हल्के गीले कपड़े या ढक्कन से ढककर 20 से 30 मिनट के लिए रख दें।
इससे आटा अच्छी तरह सेट हो जाता है, जिससे बेलना आसान होता है और रोटी रुई जैसी मुलायम बनती है।
आटे का टेक्सचर सही रखें
रोटी के लिए आटा न तो बहुत ज्यादा कड़क होना चाहिए और न ही बहुत ढीला। कड़क आटे से रोटियां पापड़ जैसी हो जाती हैं, जबकि ज्यादा ढीले आटे से बेलने में परेशानी होती है और रोटियां सही से सिक नहीं पातीं।
रोटियों को लंबे समय तक मुलायम रखने के प्रैक्टिकल टिप्स
सेंकने की आंच का रखें ध्यान: रोटियां हमेशा मध्यम से तेज आंच पर सेंकें। धीमी आंच पर देर तक पकाने से रोटी की नमी खत्म हो जाती है और वह कड़क हो जाती है।
स्टोर करने का सही तरीका: रोटी बनते ही उसे सीधे खुले डिब्बे में न रखें। हमेशा सूती कपड़े या एल्युमिनियम फॉयल में लपेटकर कैसरोल में रखें।
हल्का घी लगाएं: अगर आप टिफिन के लिए रोटियां पैक कर रहे हैं, तो हल्की आंच पर सेंककर उस पर हल्का सा घी लगा दें। इससे रोटियां शाम तक भी कड़क नहीं होंगी।















