Urine Infection Symptoms : सुबह सोकर उठने के बाद अगर आपको पेशाब का रंग सामान्य से ज्यादा गहरा पीला नजर आता है, तो इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। सेहत को लेकर सतर्क रहने वालों के लिए पेशाब का रंग एक अहम हेल्थ इंडिकेटर है।
दरअसल, पेशाब को उसका पीला रंग ‘यूरोक्रोम’ (Urochrome) नामक एक पिगमेंट से मिलता है, जो शरीर में हाइड्रेशन के स्तर के हिसाब से अपना रूप बदलता है।
रात भर की नींद और डिहाइड्रेशन
सुबह पेशाब का रंग गहरा होने की सबसे आम वजह शरीर में पानी की कमी है। लोग रात में कई घंटों तक बिना पानी पिए सोते रहते हैं। जब आप अच्छी तरह हाइड्रेटेड होते हैं, तो यूरोक्रोम पिगमेंट पतला हो जाता है और पेशाब हल्का पीला या साफ दिखता है।
वहीं, जब शरीर में पानी कम होता है, तो यह पिगमेंट गाढ़ा हो जाता है। यही कारण है कि सुबह पहली बार वॉशरूम जाने पर यूरिन का रंग डार्क होता है।
किडनी की बीमारी का इशारा
अगर दिनभर पर्याप्त पानी पीने के बाद भी पेशाब का रंग लगातार गहरा पीला या एम्बर जैसा बना रहे, तो सावधान हो जाएं। यह किडनी की समस्या का संकेत हो सकता है, क्योंकि किडनी में जमा टॉक्सिन्स भी गहरे रंग के रूप में बाहर निकलते हैं।
इसके अलावा लाल या गुलाबी रंग गुर्दे की पथरी या किसी संक्रमण की वजह से हो सकता है, जबकि भूरा, नीला या हरा रंग किसी विशिष्ट मेडिकल स्थिति की ओर इशारा करता है।
कब जाएं डॉक्टर के पास
अगर सुबह गहरा रंग दिखे, तो दिन भर लिक्विड (तरल पदार्थों) का सेवन बढ़ा दें और देखें कि रंग हल्का होता है या नहीं।
लेकिन अगर पेशाब करते समय दर्द या जलन महसूस हो, या रंग लाल-भूरा हो जाए, तो इसे सामान्य न समझें। ऐसे लक्षण दिखने पर तुरंत डॉक्टर से सलाह लेनी चाहिए।















