नई दिल्ली, 24 जनवरी। केंद्र सरकार ने बैंकिंग और बीमा क्षेत्र के हजारों कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए खजाना खोल दिया है. सरकार ने सरकारी सामान्य बीमा कंपनियों (पीएसजीआईसी) और राष्ट्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक (नाबार्ड) के कर्मचारियों के वेतन संशोधन को हरी झंडी दे दी है. इसके साथ ही भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के रिटायर्ड कर्मचारियों की पेंशन में भी अहम बदलाव किए गए हैं.
बीमा कर्मचारियों की सैलरी में कितना इजाफा?
पीएसजीआईसी (PSGIC) कर्मचारियों के लिए यह वेतन संशोधन 1 अगस्त, 2022 से प्रभावी माना जाएगा. सरकार ने कुल वेतन में 12.41 फीसदी की वृद्धि को मंजूरी दी है. इस गणना में मौजूदा बेसिक सैलरी और महंगाई भत्ते (डीए) में 14 फीसदी की बढ़ोतरी शामिल है.
भविष्य की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए, 1 अप्रैल 2010 के बाद सेवा में आए कर्मचारियों के लिए एनपीएस (NPS) में योगदान को भी 10 फीसदी से बढ़ाकर 14 फीसदी कर दिया गया है.
किन कंपनियों के कर्मचारियों को मिलेगा लाभ?
सरकार के इस फैसले का सीधा फायदा इन कंपनियों के स्टाफ को मिलेगा:
- नेशनल इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड (NICL)
- न्यू इंडिया एश्योरेंस कंपनी लिमिटेड (NIACL)
- ओरिएंटल इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड (OICL)
- यूनाइटेड इंडिया इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड (UIICL)
- जनरल इंश्योरेंस कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया (GIC)
- एग्रीकल्चरल इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड (AICIL)
पेंशनर्स को 30% की एकसमान राहत
सरकार ने पीएसजीआईसी के फैमिली पेंशनर्स के लिए नियमों को आसान बनाते हुए 30 फीसदी की एकसमान दर (Uniform Rate) से पेंशन तय की है. यह बदलाव आधिकारिक राजपत्र में प्रकाशन की तारीख से लागू होगा. आंकड़ों के मुताबिक, इससे मौजूदा 15,582 में से 14,615 पारिवारिक पेंशनर्स को बढ़ी हुई राशि का लाभ मिलेगा.
नाबार्ड और आरबीआई के लिए क्या बदला?
नाबार्ड (NABARD) के ग्रुप ‘ए’, ‘बी’ और ‘सी’ के सभी कर्मचारियों की सैलरी और भत्तों में 1 नवंबर, 2022 से लगभग 20 फीसदी की बढ़ोतरी की गई है. इसके अलावा, नाबार्ड के जो कर्मचारी 1 नवंबर 2017 से पहले रिटायर हुए थे, उनकी पेंशन अब आरबीआई के पूर्व रिटायर्ड कर्मचारियों के बराबर कर दी गई है.
भारतीय रिज़र्व बैंक (RBI) के रिटायर्ड कर्मचारियों के लिए भी अच्छी खबर है. 1 नवंबर, 2022 से उनकी मूल पेंशन और महंगाई भत्ते (डीए) पर 10 फीसदी की वृद्धि को मंजूरी दी गई है. इस गणित से रिटायर्ड कर्मचारियों की बेसिक पेंशन में प्रभावी रूप से 1.43 गुना की बढ़ोतरी हो जाएगी.



















