Dal Side Effects : भारतीय घरों में लंच हो या डिनर, दाल-चावल के बिना खाना अधूरा सा लगता है। यह न सिर्फ स्वाद में लाजवाब होती है, बल्कि प्रोटीन, फाइबर और विटामिन्स का खजाना भी है।
लेकिन क्या आप जानते हैं कि सेहत बनाने वाली यही दाल अगर गलत समय पर खाई जाए, तो फायदे की जगह नुकसान पहुंचा सकती है? खासतौर पर रात के समय कुछ विशेष प्रकार की दालों का सेवन आपके पेट और नींद दोनों के दुश्मन बन सकता है।
डिनर में इन दालों से करें परहेज
अक्सर लोग रात में स्वाद के चक्कर में भारी खाना खा लेते हैं। अगर आप डिनर में उड़द, कुलथी, मटर, चना या अरहर की दाल खा रहे हैं, तो सावधान हो जाएं।
इसके अलावा छोले, राजमा और सफेद मटर भी रात की डाइट के लिए सही नहीं माने जाते। दरअसल, ये सभी चीजें प्रकृति में भारी होती हैं और हमारा पाचन तंत्र रात के समय धीमा होता है, जिससे इन्हें पचाना मुश्किल हो जाता है।
क्यों बिगड़ती है तबीयत?
जब आप रात में इन भारी दालों का सेवन करते हैं, तो पेट में गैस, एसिडिटी, भारीपन और ब्लोटिंग जैसी समस्याएं शुरू हो जाती हैं। जिन लोगों को पहले से पाचन संबंधी दिक्कतें हैं, उन्हें तो ये और भी ज्यादा परेशान करती हैं।
पेट की यह गड़बड़ी सीधे आपकी नींद पर असर डालती है, जिससे आपका अगला पूरा दिन खराब हो सकता है।
रात के लिए बेस्ट है यह विकल्प
अगर आपको रात में दाल खानी ही है, तो मूंग और मसूर की मिक्स दाल सबसे बेहतरीन विकल्प है। यह हल्की होती है और आसानी से पच जाती है।
इसे बनाते समय अगर आप हींग, अदरक, लहसुन और हल्दी का सही इस्तेमाल करें, तो पाचन और भी बेहतर होता है। हालांकि, आयुर्वेद के नियमों की मानें तो किसी भी तरह की दाल खाने का सबसे उपयुक्त समय दोपहर का लंच ही होता है।















