Paneer Angara : अगर आप रोजमर्रा की पनीर डिशेज खाकर बोर हो चुके हैं, तो पनीर अंगारा आपके डिनर को खास बना सकता है।
इस डिश की खासियत इसकी ग्रेवी और अनोखा ‘स्मोकी’ स्वाद है, जो कोयले के धुएं से आता है। यह खाने में जितना लजीज है, बनाने में उतना ही आसान।
ग्रेवी की तैयारी और सामग्री
इस डिश के लिए आपको 250 ग्राम पनीर के टुकड़ों के अलावा आधा कप कद्दूकस (ग्रेट) किया हुआ पनीर भी चाहिए होगा। ग्रेवी का बेस बनाने के लिए 4 टमाटर, 1 इंच अदरक, 2 हरी मिर्च, 1 सूखी लाल मिर्च और 3 बड़े चम्मच काजू की जरूरत पड़ेगी।
खड़े मसालों में जीरा, दालचीनी, लौंग, छोटी इलायची, काली मिर्च और करी पत्ता तैयार रखें। सबसे पहले एक कड़ाही में तेल गर्म करें और सभी खड़े मसाले भून लें।
इसके बाद कटे हुए टमाटर, अदरक, हरी मिर्च और काजू डालकर धीमी आंच पर पकाएं। जब टमाटर पूरी तरह गल जाएं, तो गैस बंद कर दें। मिश्रण ठंडा होने पर इसे मिक्सी में पीसकर एक स्मूथ पेस्ट बना लें।
तड़का और पकाने की विधि
अब मुख्य सब्जी बनाने के लिए पैन में 3 बड़े चम्मच तेल गर्म करें। इसमें थोड़ा जीरा, हल्दी, धनिया पाउडर, लाल मिर्च पाउडर और कसूरी मेथी डालकर भूनें।
मसाले जल न जाएं, इसलिए तुरंत तैयार किया हुआ टमाटर-काजू का पेस्ट डाल दें। इसके बाद इसमें एक कटी हुई शिमला मिर्च मिलाएं और तब तक भूनें जब तक मसाला तेल न छोड़ दे।
मसाला पकने के बाद इसमें एक कप पानी, स्वादानुसार नमक और हरा धनिया मिलाएं। अब ग्रेवी में पनीर के कटे हुए टुकड़े और घिसा हुआ पनीर दोनों डाल दें।
घिसा हुआ पनीर ग्रेवी को गाढ़ा और लजीज बनाता है। सब्जी को ढककर 5 मिनट तक धीमी आंच पर पकाएं ताकि पनीर मसालों को सोख ले।
स्मोकी फ्लेवर (अंगारा) देने की ट्रिक
सब्जी का असली स्वाद इसी स्टेप में है। सब्जी पकने के बाद कड़ाही के बीच में एक छोटी स्टील की कटोरी रखें। गैस पर एक कोयले का टुकड़ा लाल होने तक गर्म करें और उसे चिमटे से पकड़कर कटोरी में रख दें।
सुलगते हुए कोयले के ऊपर चुटकी भर हींग और थोड़ा सा तेल या घी डालें। जैसे ही धुआं उठने लगे, कड़ाही को तुरंत ढक्कन से बंद कर दें।
इसे 10 मिनट तक ऐसे ही छोड़ दें ताकि धुएं की खुशबू सब्जी में अच्छी तरह बस जाए। अंत में ढक्कन हटाएं, कटोरी बाहर निकालें और ऊपर से मक्खन व हरा धनिया डालकर सर्व करें।















