Guruwar Ke Upay : सनातन धर्म में सप्ताह का हर दिन किसी न किसी देवी-देवता से जुड़ा है। गुरुवार का दिन सृष्टि के पालनहार भगवान विष्णु का माना जाता है।
इस दिन श्रीहरि की उपासना के साथ-साथ केले के पेड़ की पूजा का विशेष महत्व है। धर्म और आस्था के अनुसार, केले के वृक्ष में साक्षात भगवान विष्णु का वास होता है।
यही कारण है कि गुरुवार के दिन इसकी पूजा करने से भगवान विष्णु शीघ्र प्रसन्न होकर भक्तों को अपना आशीर्वाद देते हैं।
कुंडली में गुरु की स्थिति और केले का पेड़
ज्योतिष शास्त्र में केले के पेड़ का सीधा संबंध देवगुरु बृहस्पति और भगवान विष्णु से बताया गया है। अक्सर ज्योतिषी उन लोगों को गुरुवार के दिन केले के पेड़ की पूजा करने की सलाह देते हैं, जिनकी कुंडली में गुरु ग्रह (Jupiter) कमजोर स्थिति में होता है।
गुरु ग्रह के कमजोर होने से जीवन में कई तरह की अस्थिरता आती है। ऐसे में केले के पेड़ की विधिवत पूजा करने से गुरु दोष शांत होता है और ग्रह की स्थिति अनुकूल होने लगती है।
करियर और विवाह में कैसे मिलता है लाभ?
गुरुवार की इस पूजा का असर व्यक्ति के सामाजिक और प्रोफेशनल जीवन पर गहरा पड़ता है। अगर किसी को अपने करियर या नौकरी में बार-बार दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है, तो केले के पेड़ की पूजा उसके लिए लाभकारी मानी जाती है।
इससे प्रोफेशनल लाइफ में ग्रोथ के रास्ते खुलते हैं। इसके अलावा, गुरु ग्रह को विवाह का कारक भी माना गया है। जिन लोगों की शादी में देरी हो रही है या रिश्ता तय होने में बार-बार अड़चनें आ रही हैं, उन्हें यह पूजा करने से विशेष लाभ मिलता है।
यह उपाय न केवल वैवाहिक बाधाओं को दूर करता है, बल्कि धन संबंधी समस्याओं को सुलझाने में भी सहायक माना जाता है।



















